
बाल दिवस पर बैलून प्रतियोगिता का आयोजन
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी : बसवरिया, नगर निगम वार्ड संख्या-25 में बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के लिए एक मनोरंजक एवं उत्साहवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय बच्चों के बीच बैलून प्रतियोगिता आयोजित की गई। गुब्बारों के अलग अलग प्रयोगों, गतिविधियों एवं खेलों के माध्यम से बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. प्रतिमा आनंद ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों के साथ-साथ सभी सहभागी बच्चों को पुरस्कार भेंट देकर उनका उत्साहवर्धन किया। शिक्षक मुकेश रजक ने कहा कि पर्व-त्योहारों के व्यस्त समय और दिनचर्या के बावजूद समय निकालकर बच्चों के लिए इस तरह का आयोजन करना बेहद प्रेरणादायक है। इससे बच्चों के चेहरे पर खुशी लौटी और उनका उत्साह एवं उमंग दोगुना हो गया। कार्यक्रम के संयोजक पूर्व सैनिक अनिल कुमार ने कहा कि बाल दिवस मनाने का उद्देश्य बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उनके शोषण को रोकने तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समानता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। बच्चों को सुरक्षित, शिक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकार एवं प्रशासन को इस ओर विशेष ध्यान रखना चाहिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय बच्चों एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



