
सीतामढ़ी विधायक सुनील कुमार पिंटू छोड़ेंगे 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ, छठ बाद पूरी करेंगे प्रक्रिया
रिपोर्ट कुणाल किशोर श्रीवास्तव
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। नगर विधायक सुनील कुमार पिंटू ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का लाभ स्वेच्छा से छोड़ने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अपील के बाद विधायक ने यह घोषणा की है।
विधायक सुनील कुमार पिंटू ने कहा कि छठ पूजा के बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर वह 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा का लाभ लेना बंद कर देंगे।
उन्होंने बिहार के अन्य सांसदों, विधायकों, विधान पार्षदों और आर्थिक रूप से संपन्न लोगों से भी स्वेच्छा से इस सुविधा का लाभ छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को मुफ्त बिजली की वास्तविक जरूरत नहीं है, उन्हें आगे आकर जरूरतमंद परिवारों और किसानों के हित में इस पहल का समर्थन करना चाहिए।
विधायक के अनुसार, सक्षम लोगों द्वारा सब्सिडी का लाभ छोड़ने से सरकार को जरूरतमंदों और किसानों के कल्याण के लिए संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में मदद मिल सकती है।
अब देखना होगा कि विधायक सुनील कुमार पिंटू की इस पहल के बाद बिहार के अन्य जनप्रतिनिधि भी मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ने के लिए आगे आते हैं या नहीं।



