उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस सेक्टर मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस सेक्टर मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

 

निर्वाचन संबंधी दायित्वों के प्रभावी निर्वहन, सेक्टर अधिकारी एवं पुलिस समन्वय तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में दी गई विस्तृत जानकारी।

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया,।जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती की अध्यक्षता में मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम, समाधान पुरवा में सेक्टर अधिकारी एवं पुलिस सेक्टर अधिकारी का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान आगामी निर्वाचन के दृष्टिगत सेक्टर अधिकारी एवं पुलिस सेक्टर अधिकारी को उनके दायित्वों, कार्यप्रणाली तथा निर्वाचन संबंधी विभिन्न महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सेक्टर अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सेक्टर अधिकारी एवं पुलिस सेक्टर अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखें। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी सेक्टर अधिकारी अपने आवंटित क्षेत्रों का भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लें तथा निर्वाचन से संबंधित किसी भी समस्या अथवा संवेदनशील स्थिति की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराएं। उन्होंने सेक्टर अधिकारी तथा पुलिस सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिए की कल अपने से संबंधित बूथों का निरीक्षण कर बूथों पर मतदाताओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं की सूचना तथा बूथों से संबंधित निर्वाचन आयोग के द्वारा चाही गई सूचना प्रपत्र पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को कानून व्यवस्था आदि से संबंधित प्रपत्रों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सभी अधिकारी अपने दायित्वों एवं जिम्मेदारियों को भली-भांति समझ लें, जिससे निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा अथवा समस्या उत्पन्न न हो।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पुलिस सेक्टर अधिकारी को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा मतदाताओं में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण कायम करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी पुलिस सेक्टर अधिकारी अपने आवंटित क्षेत्रों में सतर्क दृष्टि बनाए रखें तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निरोधात्मक एवं सुरक्षा संबंधी कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने सेक्टर अधिकारी एवं पुलिस सेक्टर अधिकारी के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया।

प्रशिक्षण के दौरान सेक्टर अधिकारी एवं पुलिस सेक्टर अधिकारी को निर्वाचन संबंधी दायित्वों, क्षेत्रीय भ्रमण, संवेदनशीलता की पहचान, कानून-व्यवस्था, आपसी समन्वय तथा आकस्मिक परिस्थितियों में की जाने वाली आवश्यक कार्यवाही के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी सेक्टर अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का व्यवहारिक रूप से अनुपालन सुनिश्चित करें तथा सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्पक्षता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करें, जिससे आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी वि0 रा0 अविनाश चंद्र मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर बृहमानंद, उप जिलाधिकारी बिधूना कमल कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी न्यायिक औरैया दिव्या शिकरवार सहित संबंधित मास्टर ट्रेनर्स व सेक्टर अधिकारी एवं पुलिस सेक्टर अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button