किसान सम्मान निधि के कैंप लगेंगे सभी ग्राम पंचायतों में
किसान सम्मान निधि के कैंप लगेंगे 30 नवम्बर तक
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र किसानों को एक वर्ष में 6 हजार रूपये की राशि दी जाती है। किसानों को राशि उनके आधार खाता से लिंक बैंक खाते के माध्यम से दी जाती है योजना का लाभ लेने के लिए किसान का ईकेवाईसी तथा फार्मर आईडी में पंजीयन होना आवश्यक है। योजना के पात्र शेष बचे किसानों की ईकेवाईसी तथा फार्मर आईडी पंजीयन के लिए 30 नवम्बर तक शिविर लगाये जा रहे हैं। इस संबंध में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि शिविर प्रत्येक ग्राम पंचायत में लगाये जा रहे हैं। शिविर में संबंधित क्षेत्र के पटवारी, ग्राम रोजगार सहायक तथा पंचायत सचिव तैनात हैं। इन शिविरों में सभी छूटे हुए किसानों का पीएम किसान पोर्टल में पंजीयन करायें। उनकी ईकेवाईसी सुनिश्चित करें। किसान के आधार संख्या को उनके बैंक खाते से लिंक करायें। इसके साथ-साथ शिविर में अपात्र किसानों का चिन्हांकन करके उनका नाम पोर्टल से पृथक करने की कार्यवाही भी करें। शिविर के माध्यम से किसानों की एग्रीस्टेक परियोजना के तहत फार्मर आईडी की कार्यवाही पूरी करें जिससे किसानों को भारत सरकार द्वारा 11 अंकों की यूनिक आईडी नंबर मिल सके। इसके बाद ही किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिलेगा। सभी तहसीलदार ग्राम पंचायतों में शिविर लगाने के लिए समस्त व्यवस्थायें सुनिश्चित करें।

