
जिले में आयोजित हुआ जनजातीय गौरव दिवस समारोह
सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन, प्रदर्शनी भी लगाई गई
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज : धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की 151 वीं जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप मनाई गई। जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करने, स्वतंत्रता आंदोलन और सांस्कृतिक विरासत में उनके योगदान को स्मरण करने तथा जनजातीय क्षेत्रों को सामाजिक और आर्थिक विकास को पुर्नजीवित करने के उद्देश्य से गौरव दिवस का आयोजन जिले भर में हर्षोल्लास के साथ किया गया।

जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुआ। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष मऊगंज बृजवासी पटेल ने कहा कि राष्ट्र की संस्कृति को बचाने का कार्य आदिवासी समाज द्वारा किया जा रहा है। यह समाज भारतीय संस्कृति का पालन करता है और प्रकृति से प्रदत्त वस्तुओं से अपने जीवन का निर्वाह करता है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा ने आजादी की लड़ाई में अपना अहम योगदान दिया और 25 वर्ष की अल्पायु में ही शहीद होकर अमर हो गए। उन्होंने भगवान बिरसा मुण्डा को नमन करते हुए देश के लिए किए गए उनके बलिदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अपने बेटे-बेटियों को शिक्षित करने के लिए जागरूक हों। सरकार द्वारा समाज के उत्थान के लिए कई कार्य व योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही अन्य आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई गई है।

इस अवसर पर जनजातीय वर्ग के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा लोकनृत्य एवं लोकगीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी के लाइव प्रसारण को सुना गया। कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितलाभ वितरित किए गए। कलेक्टर श्री ओगरे द्वारा समाजसेवी मोतीलाल बैगा एवं शंकर सिंह नेताम को शाल श्रीफल से सम्मानित किया गया। इसी तरह कार्यक्रम के दौरान भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर पीके पांडेय, अतिरिक्त अधीक्षक शशिकांत सरयाम, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्रा, जिला अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती राधा कोल , जिला संयोजक नीलकंठ सिंह मरकाम सहित जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के व्यक्ति उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी रही आकर्षण का केन्द्र – कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केन्द्र रही। प्रदर्शनी में महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, उद्यानिकी, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण आजीविका मिशन सहित अन्य विभागों ने अपने विभागीय योजनाओं से संबंधित कार्यक्रमों व योजनाओं के स्टाल लगाए।



