महाराष्ट्रपूणेराज्य

महाराष्ट्र की सहकारिता परंपरा को देशभर में पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार प्रयासरत: अमित शाह

महाराष्ट्र की सहकारिता परंपरा को देशभर में पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार प्रयासरत: अमित शाह

 

पुणे में सहकारिता मंत्रालय का पश्चिम क्षेत्रीय कार्यालय शुरू, तलेगांव की नेशनल हेवी इंजीनियरिंग सहकारी संस्था के पुनरुद्धार के लिए 1500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता

 

सहकारी मॉडल पर आधारित ‘भारत टैक्सी’ सेवा का भी शुभारंभ

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान पुणे महाराष्ट्र 

पुणे, । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि महाराष्ट्र की समृद्ध सहकारिता परंपरा को देशभर में पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार प्रयासरत है। पश्चिम भारत की सहकारी संस्थाओं को प्रशासनिक सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुणे में सहकारिता मंत्रालय के केंद्रीय सहकारी संस्थाओं के निबंधक (सीआरसीएस) का पश्चिम क्षेत्रीय कार्यालय शुरू किया गया है। वहीं, तलेगांव स्थित बंद पड़ी नेशनल हेवी इंजीनियरिंग को-ऑपरेटिव लिमिटेड को 1500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता से दोबारा शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही सहकारी सिद्धांत पर आधारित ‘भारत टैक्सी’ सेवा से टैक्सी चालकों को अपनी सेवा का मालिक बनने का अवसर मिलेगा।

 

अमित शाह तलेगांव में नेशनल हेवी इंजीनियरिंग को-ऑपरेटिव लिमिटेड के पुनरुद्धार परियोजना के भूमिपूजन, पुणे में केंद्रीय सहकारी संस्थाओं के निबंधक के पश्चिम क्षेत्रीय कार्यालय के वर्चुअल उद्घाटन और पुणे के लिए ‘भारत टैक्सी’ सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

 

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, नगर विकास राज्य मंत्री माधुरी मिसाल, सांसद श्रीरंग बारणे, विधायक सुनील शेळके, पूर्व विधायक संजय (बाला) भेगड़े तथा केंद्रीय सहकारिता सचिव आशीष कुमार भूटानी उपस्थित रहे।

 

1500 करोड़ की सहायता से फिर शुरू होगी इंजीनियरिंग सहकारी संस्था

 

अमित शाह ने कहा कि तलेगांव स्थित बंद पड़ी नेशनल हेवी इंजीनियरिंग को-ऑपरेटिव लिमिटेड को पुनर्जीवित करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए आईडीएमसी और अन्य वित्तीय संस्थाओं के माध्यम से 1500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। परियोजना का कार्य पूरा होने के बाद दिसंबर 2027 में उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

 

इस संस्थान में सहकारी चीनी मिलों, इथेनॉल परियोजनाओं और दुग्ध डेयरियों के लिए आवश्यक मशीनरी का निर्माण किया जाएगा। इससे सहकारी संस्थाओं को जरूरी उपकरण देश में ही उपलब्ध हो सकेंगे। साथ ही औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

 

पश्चिम क्षेत्रीय कार्यालय से सहकारी संस्थाओं को मिलेगी सुविधा

पुणे में केंद्रीय सहकारी संस्थाओं के निबंधक का पश्चिम क्षेत्रीय कार्यालय शुरू होने से महाराष्ट्र सहित पश्चिम भारत की बहुराज्यीय सहकारी संस्थाओं को प्रशासनिक और नियामक सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। अमित शाह ने कहा कि इससे संस्थाओं के पंजीकरण, प्रशासनिक कार्यों और अन्य प्रक्रियाओं में सुविधा होगी। साथ ही पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यक्षमता को बढ़ावा मिलेगा।

 

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में विठ्ठलराव विखे पाटिल और वैकुंठभाई मेहता जैसे सहकारिता क्षेत्र के अग्रणियों ने इस आंदोलन की मजबूत नींव रखी। महाराष्ट्र की सहकारिता परंपरा देश के लिए महत्वपूर्ण है और इसका लाभ पूरे देश की सहकारी व्यवस्था को मिलना चाहिए।

 

‘भारत टैक्सी’ में चालक ही होंगे सेवा के मालिक

 

‘भारत टैक्सी’ सेवा के शुभारंभ पर अमित शाह ने कहा कि सहकारी मॉडल पर आधारित इस परिवहन सेवा में टैक्सी चालकों यानी सारथियों की भागीदारी और स्वामित्व को प्राथमिकता दी गई है। पारंपरिक टैक्सी सेवाओं में चालकों को अपनी कमाई का एक हिस्सा कमीशन के रूप में देना पड़ता है, जबकि सहकारी व्यवस्था में उन्हें अपनी सेवा में हिस्सेदारी और आर्थिक लाभ प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे चालकों के साथ यात्रियों को भी उचित दरों पर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

 

सहकारिता क्षेत्र को केंद्र सरकार का समर्थन: एकनाथ शिंदे

 

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि केंद्र सरकार ने सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। महाराष्ट्र के सहकारी चीनी कारखानों पर वर्षों से लंबित लगभग 10 हजार करोड़ रुपये के कर को माफ करने से उन्हें आर्थिक राहत मिली है। तलेगांव की इंजीनियरिंग सहकारी संस्था के पुनरुद्धार से चीनी मिलों और दुग्ध डेयरियों को आवश्यक मशीनरी देश में ही उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि ‘भारत टैक्सी’ के माध्यम से चालक स्वयं मालिक बन सकेंगे और यात्रियों को उचित दरों पर सेवा मिलेगी।

 

सहकारी संस्था का पुनरुद्धार रोजगार के लिए महत्वपूर्ण: सुनेत्रा अजित पवार

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने कहा कि तलेगांव की नेशनल हेवी इंजीनियरिंग को-ऑपरेटिव लिमिटेड जैसी महत्वपूर्ण सहकारी संस्था का पुनरुद्धार होना खुशी की बात है। इस परियोजना से सैकड़ों लोगों को रोजगार के अवसर मिलने के साथ राज्य के सहकारिता क्षेत्र को औद्योगिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सहकारी चीनी मिलों को कर राहत और मोलासेस पर कर कम करने जैसे निर्णयों से भी इस क्षेत्र को लाभ मिला है। उन्होंने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के सहकारिता क्षेत्र में योगदान का भी उल्लेख किया।

 

पुणे कार्यालय से सहकारिता क्षेत्र को मिलेगी नई दिशा: मुरलीधर मोहोल

 

 

केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि केंद्रीय सहकारी संस्थाओं के निबंधक का देश का पहला पश्चिम क्षेत्रीय कार्यालय पुणे में शुरू होना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे महाराष्ट्र सहित पश्चिम भारत की बहुराज्यीय सहकारी संस्थाओं को प्रशासनिक कामकाज में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि तलेगांव की इंजीनियरिंग संस्था के पुनरुद्धार से सहकारी चीनी मिलों, दुग्ध डेयरियों और अन्य संस्थाओं को आवश्यक मशीनरी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

 

एनएचईसी और आईडीएमसी के बीच समझौते के लिए आशय पत्र का आदान-प्रदान

 

 

कार्यक्रम के दौरान नेशनल हेवी इंजीनियरिंग को-ऑपरेटिव लिमिटेड (एनएचईसी) और आईडीएमसी लिमिटेड के बीच सहयोग के लिए आशय पत्र का आदान-प्रदान किया गया। वहीं, ‘भारत टैक्सी’ की ओर से अशोक कुमार मिश्रा, सुवर्णा सोनवणे, राजीव सुतार और दीपक विश्वकर्मा सहित चार सारथियों को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के हाथों प्रतिनिधिक स्वरूप में शेयर प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button