
संजय गांधी चिकित्सालय में ओरल कैंसर स्क्रीनिंग कैंप आयोजित
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . दंत रोग विभाग एवं सर्जरी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गत दिवस संजय गांधी चिकित्सालय में ओरल कैंसर स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। कैंप के मुख्य अतिथि इंदौर के वरिष्ठ ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. दिलीप आचार्य थे। कैंप में लगभग 50 से 60 मरीजों ने अपनी जांच कराई। जांच के दौरान करीब 14 मरीजों में प्रारंभिक कैंसर के संदिग्ध लक्षण पाए गए। इन मरीजों को आगे की आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए उचित चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। कैंप के दौरान सभी मरीजों को ओरल कैंसर से बचाव एवं उसके प्रारंभिक लक्षणों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विशेष रूप से धूम्रपान, गुटखा, पान मसाला एवं तंबाकू के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया तथा इन हानिकारक पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी गई। इसके साथ ही मरीजों को ओरल कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान एवं बचाव संबंधी जानकारी वाली प्रचार पुस्तिकाएं भी वितरित की गईं। इस आयोजन में मुख्य रूप से डॉ. रचना गुप्ता, डॉ. गीता त्रिपाठी, डॉ. करुणा जिंदवानी, डॉ. संतोष मिश्रा, डॉ. आयुषी पाटीदार, डॉ. अभिलाषा एवं डॉ. शुभम तिवारी सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। इस कैंप का मुख्य उद्देश्य आमजन में ओरल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्रारंभिक अवस्था में रोग की पहचान करना तथा समय पर उचित उपचार के लिए लोगों को प्रेरित करना था।
।



