
पुणे में विलास कुलकर्णी के ‘गुरुकुल’ की जलरंग प्रकृति चित्रों की छठी प्रदर्शनी 20 नवंबर से
प्रसिद्ध चित्रकार चारुहास पंडित करेंगे उद्घाटन, 22 नवंबर को होगा चित्रकला का लाइव प्रदर्शन
रिपोर्ट ;विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे। वरिष्ठ चित्रकार विलास कुलकर्णी और उनके ‘गुरुकुल’ के विद्यार्थियों द्वारा तैयार जलरंग आधारित प्रकृति चित्रों की छठी प्रदर्शनी का आयोजन 20 से 22 नवंबर तक बालगंधर्व कला दालन, पुणे में किया जाएगा।
प्रदर्शनी का उद्घाटन 19 नवंबर को शाम 5 बजे प्रसिद्ध चित्रकार एवं लोकप्रिय कार्टून श्रृंखला ‘चिंटू’ के रचयिता चारुहास पंडित के हाथों होगा।
प्रदर्शनी में विलास कुलकर्णी के साथ उनके विद्यार्थियों द्वारा जलरंग माध्यम से तैयार किए गए विभिन्न प्राकृतिक दृश्यों और कलाकृतियों को प्रदर्शित किया जाएगा। कला प्रेमियों को इस दौरान जलरंग चित्रकला की विविध शैलियों और प्रकृति के खूबसूरत रंगों को देखने का अवसर मिलेगा।
रविवार, 22 नवंबर को शाम 5 बजे विलास कुलकर्णी द्वारा जलरंग माध्यम से प्रकृति चित्र बनाने का विशेष लाइव प्रदर्शन भी किया जाएगा।
प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी। आयोजकों ने कला प्रेमियों और चित्रकला में रुचि रखने वाले लोगों से प्रदर्शनी में पहुंचकर कलाकारों की कृतियों का आनंद लेने की अपील की है।


