
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं।
शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील अजीतमल में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने तहसील पहुंचकर दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में मोहल्ला सूर्यनगर, अजीतमल निवासी अयोध्या सिंह पुत्र हाकिम सिंह एवं मोहल्ले के अन्य निवासियों द्वारा सीओ कॉलोनी के तिराहे पर जलभराव की समस्या के संबंध में शिकायती प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। शिकायतकर्ताओं ने अवगत कराया कि उक्त समस्या के निस्तारण के लिए पूर्व में भी प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन नगर पंचायत बाबरपुर-अजीतमल के अधिशासी अधिकारी द्वारा कथित रूप से भ्रामक एवं निराधार आख्या प्रस्तुत कर शिकायत का निस्तारण दर्शा दिया गया। साथ ही धन की अनुपलब्धता का हवाला देकर समस्या के समाधान की कार्यवाही नहीं की गई, जबकि मौके पर जलभराव की समस्या अभी भी बनी हुई है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा निर्मित नाला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है तथा सीओ कॉलोनी में चिकित्सकों के आवास की ओर जाने वाले रास्ते पर चैंबर बना दिए जाने से आवागमन भी बाधित हो रहा है। नाले का निर्माण भी मानकों के अनुरूप न होने की शिकायत की गई। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी (न्यायिक), अजीतमल को स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर तथ्यों की जांच करने तथा समस्या के निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में ग्राम पचदेवरा, पोस्ट अमावता, तहसील अजीतमल निवासी हरिकृष्ण आर्य पुत्र रघुनंदन लाल ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि मौजा पचदेवरा स्थित गाटा संख्या 205, रकबा 0.162 हेक्टेयर भूमि पर गांव के ही सुरेश सिंह यादव पुत्र नाथू सिंह एवं उनके पुत्र आनंद यादव तथा उदित यादव द्वारा पुनः जबरन कब्जा कर लिया गया है। शिकायतकर्ता ने विपक्षीगण पर दबंग एवं झगड़ालू प्रवृत्ति का होने का आरोप लगाते हुए परिवार की जान-माल की सुरक्षा तथा भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की। उन्होंने पूर्व में भूमि विवाद के चलते अपने चचेरे भाई तेजप्रकाश पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने की बात भी बताई। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी अजीतमल को मौके पर जाकर स्थलीय जांच करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एक अन्य प्रकरण में ग्राम भूरेपुर खुर्द निवासी कुँवर सिंह पुत्र मोतीलाल ने अपनी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने पिछले माह भी इस संबंध में शिकायत की थी, जिस पर तहसीलदार अजीतमल द्वारा टीम गठित कर कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्यवाही नहीं हुई है। शिकायत के अनुसार मौजा स्थित गाटा संख्या 84ऊ, रकबा 0.05 हेक्टेयर में उनकी सहखातेदारी की भूमि पर झुग्मक लाल, पुत्र श्री लालता प्रसाद एवं रामप्रकाश पुत्र तुलसीराम आदि द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि विपक्षीगण द्वारा प्रार्थना पत्र वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार अजीतमल को स्थलीय निरीक्षण कर प्रकरण की जांच करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्यवाही अथवा औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। प्रत्येक शिकायत में संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर वस्तुस्थिति की जांच करें और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्यवाही करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आमजन को एक ही समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायतों का निस्तारण इस प्रकार किया जाए कि शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो सके। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा प्रशासन एवं जनता के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करना है। अतः सभी अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह बने रहें तथा शासन की मंशा के अनुरूप पात्र एवं पीड़ित व्यक्तियों को समय से न्याय और राहत उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 81 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी अजीतमल विनोद कुमार मीणा, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संत कुमार सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

