
वडार समाज का सर्वेक्षण पूरा, युवाओं के रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा के मुद्दों पर रहेगा विशेष जोर : विजय चौगुले
कोल्हापुर में होगा राज्यस्तरीय महासम्मेलन, सोलापुर में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए शुरू होगी अध्ययन केंद्र और छात्रावास की सुविधा
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे,। वडार समाज की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक प्रगति अपेक्षित गति से नहीं हो पाई है। ऐसे में समाज की लंबित मांगों को सरकार तक पहुंचाने और उन्हें पूरा कराने के लिए प्रयास तेज किए जाएंगे। साथ ही समाज के युवाओं में बेरोजगारी, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। समाज के सभी वर्गों को एकजुट कर संगठित शक्ति का निर्माण करने से ही समाज को न्याय और विकास के बेहतर अवसर मिल सकते हैं। यह बात नवी मुंबई महानगरपालिका में विपक्ष के नेता तथा पूर्व राज्यमंत्री विजय चौगुले ने कही।
वे पुणे के येरवडा स्थित अण्णाभाऊ साठे सांस्कृतिक कला मंदिर में वडार समाज की विभिन्न मांगों को लेकर आयोजित संकल्प सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व उपमहापौर मुकारी अलगुडे, पूर्व नगरसेविका शारदा ओरसे, डॉ. कल्पना शिंदे, प्रदीप पवार, दिलीप कुसाळे, संतोष मोहिते और साहेबराव साळुंखे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
चौगुले ने कहा कि वडार समाज को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग में शामिल करने की मांग लंबे समय से की जा रही है। समाज की विभिन्न मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने के लिए कोल्हापुर में राज्यस्तरीय महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसी की तैयारी के तहत पुणे में संकल्प सम्मेलन आयोजित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले सोलापुर में आयोजित सम्मेलन के प्रयासों से वडार आर्थिक विकास महामंडल की स्थापना कराने में सफलता मिली थी। इसी तर्ज पर कोल्हापुर के महासम्मेलन के माध्यम से समाज के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं को मंजूरी दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इस महासम्मेलन में राज्यभर से लाखों समाजबंधुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अध्ययन केंद्र और छात्रावास
चौगुले ने बताया कि वडार समाज के युवाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिसंबर-जनवरी के दौरान सोलापुर में एमपीएससी और यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष अध्ययन केंद्र शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए छात्रावास का भी निर्माण कराया जाएगा। इन दोनों सुविधाओं का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हाथों किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि वडार समाज के इतिहास, संस्कृति और भाषा का दस्तावेजीकरण किया जाएगा। समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर आधारित एक कॉफी टेबल बुक भी जल्द प्रकाशित की जाएगी।



