
विलुप्त होती लोकपरंपरा संस्कृति को जीवंत रखने का प्रयास
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी : मिथिलांचल की प्राचीन सभ्यता एवं संस्कृति से जुड़ी लोकपरंपरा सामा-चकेवा पर्व को जीवंत रखने के उद्देश्य से वेटरन्स इंडिया सीतामढ़ी (अखिल भारतीय पूर्व सैनिक संगठन) की ओर से बसवरिया में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सामा-चकेवा पर्व मनाया।
संगठन के जिला कार्यकारी अध्यक्ष पूर्व सैनिक अनिल कुमार ने कहा कि सामा-चकेवा मिथिलांचल की प्राचीन लोकपरंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है, जो धीरे-धीरे विलुप्त होने के कगार पर है। अपनी सभ्यता एवं संस्कृति को संरक्षित रखने तथा आने वाली पीढ़ियों तक इस परंपरा को पहुंचाने के उद्देश्य से सामूहिक प्रयास किया गया है।
डॉ. प्रतिमा आनंद ने कहा कि इस लोकपर्व में महिलाएं बटगवनी, ब्राह्मण गीत, गोसाउनीक गीत एवं समदाउन जैसे पारंपरिक लोकगीत गाकर पर्व मनाती हैं। बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना के लिए पूरे विधि-विधान से यह पर्व मनाती हैं। उन्होंने कहा कि यह भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति की अनमोल धरोहर है। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी माताएं एवं बहनें बड़े हर्षोल्लास से इस परंपरा को निभा रही हैं, जबकि शहरी जीवन में पश्चिमी संस्कृति की बढ़ती चकाचौंध के बीच ऐसी लोकपरंपराएं धीरे-धीरे पीछे छूटती जा रही हैं।
इस अवसर पर सामा-चकेवा प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बहनों क्रमशः सुस्मिता, अंशु एवं साधना को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
बसवरिया नगर निगम वार्ड संख्या-25 में सामा-चकेवा खेल रही कंचन, नंदनी, सीमा, तुलसी, मुस्कान सहित अन्य माताओं एवं बहनों को उपस्थित पूर्व सैनिकों ने प्रोत्साहित किया तथा उन्हें चॉकलेट भेंटकर उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक वीरेंद्र यादव, शिक्षक मुकेश रजक, युवा टीम के राजू कुमार, हरि यादव, रौशन कुमार, रत्नेश कुमार एवं रवि कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

