प्रशासनबिहारसीतामढ़ी

सीतामढ़ी में एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला का सफल आयोजन, 2,100 रिक्तियों के विरुद्ध 352 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट

सीतामढ़ी में एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला का सफल आयोजन, 2,100 रिक्तियों के विरुद्ध 352 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान सीतामढ़ी बिहार 

सीतामढ़ी, । युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत जिला नियोजनालय, सीतामढ़ी द्वारा आज संयुक्त श्रम भवन, जिला नियोजनालय परिसर, सीतामढ़ी में एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला का सफल आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन माननीय विधायक, 28-सीतामढ़ी विधानसभा क्षेत्र, श्री सुनील कुमार पिंटू एवं जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी श्री तनय सुल्तानिया द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

 

मेले में निजी क्षेत्र की कुल 20 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियों द्वारा लगभग 2,100 रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों से आवेदन प्राप्त किए गए। रोजगार के अवसर प्राप्त करने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में युवाओं ने मेले में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें से अपराह्न 03:00 बजे तक कुल 352 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों द्वारा अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।

 

युवाओं को कौशल विकास एवं आधुनिक रोजगार से जोड़ने पर जोर

 

अपने संबोधन में माननीय विधायक श्री सुनील कुमार पिंटू ने युवाओं से रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ कौशल प्रशिक्षण, व्यावहारिक अनुभव एवं इंटर्नशिप पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सही समय पर सही अवसर मिलने से युवा अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। अपने जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने युवाओं को निरंतर सीखने, उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

 

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल बनाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। इसके लिए Skill Gap Analysis के माध्यम से युवाओं की कौशल संबंधी आवश्यकताओं की पहचान कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण एवं रोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं तथा समय-समय पर कार्यों की समीक्षा भी की जाती है।

 

उन्होंने कहा कि सरकार “दोगुना रोजगार, दोगुनी आय – कुशल युवा, समृद्ध बिहार” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से लेकर रोजगार उपलब्ध कराने तक विभिन्न स्तरों पर योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं।

 

रोजगार के साथ स्वरोजगार एवं उद्यमिता को भी बढ़ावा

 

माननीय विधायक ने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित एक करोड़ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मिशन मोड में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति में स्वरोजगार एवं उद्यमिता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

 

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया द्वारा युवाओं को मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, बिहार लघु उद्यमी योजना, स्टार्टअप, PMEGP, PMFME सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि बिहार का युवा केवल नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला भी बने। इसके लिए सरकार आवश्यक सहयोग, मार्गदर्शन एवं योजनाओं के माध्यम से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी भी स्तर पर आने वाली कठिनाइयों के समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

 

दस लाभुकों को स्टडी किट का वितरण

 

कार्यक्रम के दौरान माननीय विधायक एवं जिला पदाधिकारी द्वारा दस लाभुकों के बीच स्टडी किट का वितरण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने लाभुकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए नियमित अध्ययन, कठिन परिश्रम एवं समर्पण के साथ सरकारी नौकरी प्राप्त करने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

 

*करियर परामर्श एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी*

 

मेले के दौरान अभ्यर्थियों को विभिन्न निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ लगभग 550 युवाओं को करियर परामर्श, कौशल प्रशिक्षण तथा सरकार की विभिन्न रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। इसका उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता, रुचि एवं कौशल के अनुरूप बेहतर करियर विकल्पों से जोड़ना रहा।

 

मेले के दौरान अभ्यर्थियों को विभिन्न निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ करियर परामर्श, कौशल प्रशिक्षण तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं से संबंधित जानकारी भी प्रदान की गई।

 

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला नियोजनालय, सीतामढ़ी के पदाधिकारियों एवं कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिला नियोजनालय की पूरी टीम द्वारा मेले के सफल संचालन, अभ्यर्थियों के पंजीकरण, मार्गदर्शन तथा नियोजक कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित करने में सक्रिय भूमिका निभाई गई।

 

जिला नियोजनालय, सीतामढ़ी द्वारा जिले के युवाओं को रोजगार, कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के नियोजन एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन मेलों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button