इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान इटावा उत्तर प्रदेश

इटावा -जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने मानिकपुर मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थलों पर अनिवार्य रूप से साइन बोर्ड एवं अत्यधिक खतरे के चेतावनी बोर्ड लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित किए जाएं तथा सड़क सुरक्षा के प्रति वाहन चालकों को जागरूक किया जाए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, इसलिए परिवहन विभाग एवं संबंधित कार्यदायी संस्थाएं विशेष सतर्कता बरतें। परिवहन विभाग द्वारा नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए तथा ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए चालान किए जाएं। उन्होंने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर क्षतिग्रस्त स्थानों की मरम्मत कराए जाने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्कूल वाहनों की फिटनेस की जांच अनिवार्य रूप से कराए जाने तथा बिना फिटनेस के संचालित स्कूल वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित अस्पतालों में इमरजेंसी वार्ड की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने जाम लगने वाले प्रमुख स्थानों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित पार्किंग के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कदम उठाएं।

उक्त बैठक में एस0पी सिटी बबिता सिंह, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, सीओ ट्रैफिक, ए0आर0टी0ओ हुमा परवीन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button