औद्योगिक संस्थान में किया गया श्रम संवाद का आयोजन
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . जिले के उद्योग विभाग केन्द्र चोरहटा में स्थित विन्ध्य टेलीलिंक्स परिसर में श्रम विभाग तथा कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के प्रतिनिधियों द्वारा श्रम संवाद का आयोजन किया गया। इस संबंध में जिला श्रम पदाधिकारी संध्या सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में मजदूरों को उद्योगों और अन्य प्रतिष्ठानों में लागू होने वाले श्रम कानूनों के नवीन प्रावधानों की जानकारी दी गई। श्रमिकों की सुरक्षा और उनके हितों की सुरक्षा देने वाले कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। फैक्ट्री संचालक द्वारा प्रत्येक कर्मचारी के लिए कार्य करने का स्वच्छ वातावरण, पर्याप्त रोशनी, शुद्ध पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय तथा कार्य करने के लिए बेहतर परिस्थितियाँ उपलब्ध कराना अनिवार्य है। मजदूरों को कैंटीन, प्राथमिक उपचार, एंबुलेंस तथा अन्य सुविधाएं देना भी आवश्यक है। सभी फैक्ट्री संचालक महिला मजदूरों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें। रात्रिकालीन पाली में महिला मजदूर द्वारा सहमति देने के बाद ही ड्यूटी लगाएं। महिलाओं के लिए सुरक्षित परिवहन, कार्यस्थल में सीसीटीवी कैमरे तथा आपातकालीन संपर्क व्यवस्था सुनिश्चित करें।
श्रम पदाधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उद्योगपतियों और प्रतिष्ठान संचालकों को श्रम कानूनों की जानकारी देना था। उन्हें मजदूरों को समुचित सुरक्षा, स्वास्थ्य रक्षा और कार्य करने के लिए अच्छे वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के श्रम और रोजगार मंत्रालय की प्रतिनिधि ऋचा शर्मा, अभिषेक कुमार, कैलाश जोशी, श्रम कल्याण संगठन के प्रतिनिधि, फैक्ट्री के अध्यक्ष रमेश सिंह और उपाध्यक्ष एम श्रीधर तथा बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे।

