मऊगंज में 27 नवंबर से तीन दिवसीय जनजातीय मड़ई उत्सव
जनजातीय लोककला, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की होंगी प्रस्तुतियां
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . जनजातीय लोककला, संस्कृति और पारंपरिक विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मऊगंज जिला मुख्यालय में 27 से 29 नवंबर तक तीन दिवसीय जनजातीय मड़ई उत्सव का आयोजन किया जाएगा। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत जनजातीय संग्रहालय की राज्य विस्तार योजना के तहत आयोजित इस उत्सव में जनजातीय आख्यानों, चरित्र आधारित नृत्य-नाट्य प्रस्तुतियों तथा पारंपरिक जनजातीय नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री एक्सीलेंस शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय, मऊगंज में किया जाएगा। कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने उत्सव के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आयोजन के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मऊगंज को सौंपी गई है। वहीं कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार, जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों को आमंत्रित करने की जिम्मेदारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को दी गई है।
नगर परिषद मऊगंज द्वारा मंच, साउंड सिस्टम, पेयजल एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। जनजातीय अकादमी भोपाल से आने वाले कलाकारों एवं सदस्यों के ठहरने तथा भोजन की व्यवस्था जिला संयोजक, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा की जाएगी। तीन दिवसीय उत्सव के नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्रा होंगे। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित दायित्वों के अनुरूप समय पर व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।

