प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

सरकार धरातल पर उतरकर नागरिकों को उपलब्ध करा रही है जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ- विधायक श्री गौतम

कमिश्नर ने गंभीरता के साथ आमलोगों की सुनीं समस्याएं

सरकार धरातल पर उतरकर नागरिकों को उपलब्ध करा रही है जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ- विधायक श्री गौतम

कमिश्नर ने गंभीरता के साथ आमलोगों की सुनीं समस्याएं

आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करें – कलेक्टर

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश 

 मऊगंज. शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने और नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा विभिन्न अभियान एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। सरकार का संकल्प है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और उसकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण हो। यह बात पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक देवतालाब श्री गिरीश गौतम ने को जनपद पंचायत नईगढ़ी की सीएफटी भवन उमरिया व्योहरियान में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत आयोजित जन संवाद शिविर को संबोधित करते हुए कही।

 

विधायक देवतालाब श्री गिरीश गौतम, कमिश्नर रीवा संभाग शीलेन्द्र सिंह, कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे एवं पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने ग्रामीणजनों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। विधायक श्री गौतम ने कहा कि सरकार केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रशासन को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाकर नागरिकों को उनकी जरूरत के अनुसार सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। जन संवाद शिविर इसी व्यवस्था का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इन शिविरों के जरिए ग्रामीणों को अपनी समस्याएं रखने, योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और पात्रतानुसार हितलाभ प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणजनों से भी अपील की कि वे शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रतानुसार उनका लाभ लें।

कमिश्नर श्री सिंह ने विशेष रूप से राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व से संबंधित लंबित प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण करें। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े। प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है।

 

जन विश्वास शिविर में उद्यमियों से किया संवाद

जन विश्वास शिविर में आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम में शासकीय योजनाओं से लाभान्वित युवाओं ने स्वरोजगार स्थापना के अनुभव साझा किए। उद्यमियों ने योजनाओं से प्राप्त आर्थिक एवं अन्य सहायता को व्यवसाय स्थापना में महत्वपूर्ण बताया। कमिश्नर एवं कलेक्टर ने उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं पर चर्चा कर उद्योगों के विस्तार हेतु आवश्यक अनुमतियों एवं विभागीय प्रक्रियाओं के निराकरण में संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों के द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई।

 

बाल विवाह रोकने के लिए जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दिलाई शपथ

शिविर में विधायक देवतालाब , कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित जनसमूह को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई। इस दौरान बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देते हुए प्रतिभागियों से हस्ताक्षर भी कराए गए।शिविर में स्वामित्व योजना, पीएम आवास योजना, एवं मुख्यमंत्री कन्या विवाह के हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किया गया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष नईगढ़ी श्रीमती ममता कुंजबिहारी तिवारी,अपर कलेक्टर पीके पांडेय , एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्रा,अन्य जनप्रतिनिधि तथा जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button