
कमिश्नर एवं कलेक्टर ने शासकीय संस्थाओं का किया निरीक्षण
स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पोषण व्यवस्थाओं का लिया जायजा, बच्चों से किया संवाद
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान कमिश्नर रीवा संभाग श्री शीलेन्द्र सिंह एवं कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने उमरिया व्योहरियान क्षेत्र की विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। कमिश्नर श्री सिंह ने उप स्वास्थ्य केंद्र इटहा कला का निरीक्षण कर प्रतिदिन उपचार के लिए आने वाले मरीजों की जानकारी प्राप्त की तथा चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग से समन्वय स्थापित कर अनमोल पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं की प्रविष्टि सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने एवं अभिलेखों का नियमित संधारण करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शासकीय माध्यमिक पाठशाला जोधपुर एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता जांचने के साथ ही शिक्षा एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम , डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



