
पुणे में आज से सजेगा प्रो-पंजा लीग का रोमांच
‘प्रो-पंजा पूनावाला गोल्ड एडिशन-2’ में भारत सहित पांच देशों के दिग्गज खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे,। अंतरराष्ट्रीय स्तर के आर्म रेसलिंग खिलाड़ियों की मौजूदगी में प्रो-पंजा लीग का रोमांच शनिवार से पुणे में शुरू होगा। पूनावाला ग्रुप के सहयोग से आयोजित ‘प्रो-पंजा पूनावाला गोल्ड एडिशन-2’ का आयोजन पूनावाला स्टड फार्म्स में किया जाएगा। प्रतियोगिता में भारत के अलावा कनाडा, अमेरिका, रूस और न्यूजीलैंड के दिग्गज खिलाड़ी अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान कुल आठ हाई-प्रोफाइल मुकाबले खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता की पूर्व संध्या पर आयोजित पत्रकार वार्ता में पूनावाला ग्रुप के अध्यक्ष योहान पूनावाला, झयान पूनावाला, प्रो-पंजा लीग के सह-संस्थापक परवीन डबास और प्रीति झंगियानी तथा अजय मारवाह सहित कई भारतीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का परिचय कराया गया और मुकाबलों की जानकारी दी गई।

पूनावाला ग्रुप के अध्यक्ष योहान पूनावाला ने कहा कि इतने कम समय में प्रो-पंजा लीग ने आर्म रेसलिंग को एक नई पहचान दिलाई है। जनवरी में कुछ प्रमुख भारतीय खिलाड़ियों के साथ आयोजित ट्रायल प्रतियोगिता का अनुभव शानदार रहा। उन्होंने कहा कि टीवी पर मुकाबले देखने और मैदान में खिलाड़ियों के बीच होने वाली टक्कर को प्रत्यक्ष देखने का अनुभव बिल्कुल अलग होता है। शनिवार को होने वाले रोमांचक मुकाबलों का सभी को बेसब्री से इंतजार है।
प्रो-पंजा लीग के सह-संस्थापक परवीन डबास ने कहा कि यह प्रतियोगिता एशिया की सबसे बड़ी और दुनिया की प्रमुख आर्म रेसलिंग प्रतियोगिताओं में शामिल होगी। इसमें भारत के शीर्ष खिलाड़ियों के साथ दुनिया के कई बेहतरीन आर्म रेसलर हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आर्म रेसलिंग ऐसा खेल है, जिसे आमतौर पर स्कूल और कॉलेज के दिनों में खेला जाता है। इस खेल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना गर्व की बात है। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए पूनावाला परिवार का आभार जताया।
पीपुल्स आर्म रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की अध्यक्ष एवं एशियन आर्म रेसलिंग फेडरेशन की उपाध्यक्ष प्रीति झंगियानी ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने हाल ही में संपन्न विश्व आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 65 देशों के बीच शीर्ष पांच में जगह बनाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दो वर्षों में भारतीय खिलाड़ी विश्व स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करेंगे।
ऑडेन लैरैट और आभास राणा के बीच होगा मुख्य मुकाबला

प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण 105 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग का मुकाबला होगा। इसमें कनाडा के दिग्गज खिलाड़ी डेव्हन लैरैट के बेटे ऑडेन लैरैट का सामना भारत के उभरते खिलाड़ी आभास राणा से होगा। वहीं, 110 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग के दो सह-मुख्य मुकाबलों में न्यूजीलैंड के मातेइवारंगी हेता मॉरिस की भिड़ंत भारत के मजाहिर सैदू से और अमेरिका के जेरेमी पार्कर का मुकाबला भारत के युवराज वर्मा से होगा।
85 किलोग्राम भार वर्ग में रूस के आर्म रेसलिंग स्टार अकिम्बो भारतीय खिलाड़ी स्टीव थॉमस को चुनौती देंगे। लीग की शुरुआत वर्ष 2020 में फिल्म कलाकार परवीन डबास और प्रीति झंगियानी ने की थी।
प्रतियोगिता के प्रमुख मुकाबले
1. 85 किग्रा: सचिन गोयल (मध्य प्रदेश) बनाम वेथोजो लोहे (नागालैंड)
2. महिला 65 किग्रा: मनोरमा बिष्ट (दिल्ली) बनाम अर्विता दत्ता (असम)
3. 95 किग्रा: काइल कमिंग्स (महाराष्ट्र) बनाम सतनाम सिंह (हरियाणा)
4. महिला 65 किग्रा से अधिक: निर्मल ओलियान (हरियाणा) बनाम योगेश चौधरी (हरियाणा)
5. 85 किग्रा: अकिम्बो (रूस) बनाम स्टीव थॉमस (भारत)
6. 110 किग्रा से अधिक: मातेइवारंगी हेता मॉरिस (न्यूजीलैंड) बनाम मजाहिर सैदू (भारत)
7. 110 किग्रा से अधिक: जेरेमी पार्कर (अमेरिका) बनाम युवराज वर्मा (भारत)
8. 105 किग्रा से अधिक: ऑडेन लैरैट (कनाडा) बनाम आभास राणा (भारत)
कार्यक्रम में पोलैंड के ॲलेक्स कुर्देचा विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

