
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से न छूटे – जिला निर्वाचन अधिकारी
18 से 19 आयु वर्ग के युवा मतदाताओं एवं जेंडर रेशियो पर विशेष ध्यान देने के निर्देश, विशेष अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों को तत्काल ऑनलाइन कराएं – जिला निर्वाचन अधिकारी
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, ।जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार ने अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत मतदाता पंजीकरण कार्य को प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों को मतदेय स्थल आवंटित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि दिनांक 01 जनवरी, 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवा नागरिकों तथा 18 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे पात्र नागरिकों, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, का चिन्हांकन कर फार्म-6 के माध्यम से उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की मतदाता सूची में भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी अर्ह व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहने पाए। इसके लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों को आवंटित बूथों से संबंधित मुहल्लों एवं मजरों में बीएलओ के साथ भ्रमण कर पात्र, किन्तु पंजीकरण से छूटे हुए नागरिकों का चिन्हांकन करने तथा नियमानुसार उनका पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने निर्देशित किया कि दिनांक 29 नवम्बर, 2026 को आयोजित विशेष अभियान दिवसों के दौरान नामित अधिकारी अपने आवंटित बूथों पर भ्रमणशील रहकर मतदाता पंजीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण एवं समीक्षा करेंगे। अधिकारी प्रत्येक दो-दो घंटे में निर्धारित प्रारूप के अनुसार प्रगति की सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे साथ ही भ्रमण के दौरान यह भी सत्यापित करेंगे कि आवंटित बूथों की मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम दर्ज होने से छूटा तो नहीं है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं के पंजीकरण पर ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि नए युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए व्यापक जागरूकता एवं संपर्क अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही मतदाता सूची में जेंडर रेशियो में सुधार लाने के लिए महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने तथा पात्र महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने सभी नामित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने आवंटित बूथों का विस्तृत भ्रमण एवं सत्यापन करने के उपरांत दिनांक 30 नवम्बर, 2026 को बूथवार विस्तृत आख्या संबंधित उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, जिससे अभियान की प्रगति का समुचित मूल्यांकन किया जा सके तथा किसी भी स्तर पर पात्र मतदाता का पंजीकरण छूटने न पाए।
विशेष कैम्प में प्राप्त आवेदनों को तत्काल ऑनलाइन कराने एवं ईपी रेशियो बढ़ाने पर जोर
इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार ने झूम मीटिंग के माध्यम से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष अभियान के अंतर्गत आयोजित विशेष कैम्पों में प्राप्त हुए सभी आवेदनों को समयबद्ध ढंग से ऑनलाइन कराया जाए। प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनीटरिंग करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे तथा पात्र नागरिकों के पंजीकरण की प्रक्रिया नियमानुसार पूर्ण हो।
उन्होंने मतदाता सूची में ईपी रेशियो बढ़ाने के लिए भी विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर बीएलओ के माध्यम से घर-घर संपर्क कर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रेरित किया जाए तथा विशेष अभियान दिवसों का अधिकतम लाभ उठाते हुए मतदाता पंजीकरण कार्य में तेजी लाई जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत निर्वाचक नामावलियों को अधिकाधिक समावेशी, शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जा सके।
उक्त अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, उप जिला मजिस्ट्रेट अरसला नाज़, जिला सूचना अधिकारी (एनआईसी) पवन तिवारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विपिन पाल सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

