
इटावा में अवैध खनन पर पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई, जेसीबी सीज
वैध दस्तावेज नहीं दिखाने पर खान एवं खनिज अधिनियम और मोटर वाहन अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन को सीज कर दिया। संबंधित वाहन के स्वामी और चालक खनन कार्य से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद दोनों विभागों ने अपने-अपने स्तर से कानूनी कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 28 और 29 नवंबर की मध्यरात्रि थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम दतावली स्थित नहर के पास नावली माइनर में अवैध रूप से खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक जेसीबी मशीन से खनन कार्य किया जा रहा था।
पुलिस ने जेसीबी के स्वामी और चालक से वाहन तथा खनन कार्य से संबंधित वैध अभिलेख मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने तत्काल खनन अधिकारी को सूचना दी। सूचना पर खान अधिकारी बृज बिहारी प्रसाद टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के दौरान वाहन स्वामी एवं चालक से खनन संबंधी अभिलेख तलब किए। दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर खान अधिकारी ने जेसीबी संख्या UP75AT6285 को खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की धारा 4/21 के तहत सीज कर दिया।
वहीं, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत भी कार्रवाई करते हुए जेसीबी को सीज कर थाने में सुरक्षित दाखिल करा दिया।
इटावा पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध खनन और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।



