
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री नगरीय भू अधिकार योजना के तहत हितग्राहियों को भू अधिकार पत्र एवं स्थायी पट्टे बांटे
मुख्यमंत्री ने वर्चुअली कार्यक्रम को किया संबोधित, हितग्राहियों से किया संवाद
योजना से रीवा जिले के 143 हितग्राहियों को मिला लाभ
रीवा एमपी: मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल से मुख्यमंत्री नगरीय भू अधिकार योजना के तहत हितग्राहियों को भू अधिकार पत्र एवं स्थाई पट्टे वितरित किए। उन्होंने विभिन्न जिलों के हितग्राहियों से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद भी किया। स्थानीय एनआईसी में विधायक त्योंथर श्यामलाल द्विवेदी, विधायक सिरमौर श्री दिव्यराज सिंह एवं कलेक्टर मनोज पुष्प ने जिले के पात्र हितग्राहियों को भू अधिकार पत्र एवं स्थाई पट्टे वितरित किए। इस योजना के अंतर्गत जिले के नगरीय क्षेत्र के 143 हितग्राहियों को लाभ मिला।
भोपाल से कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शहरी क्षेत्र में 2014 या इससे पूर्व शासकीय भूमि पर काबिज भूखण्ड धारकों को भू अधिकार पत्र या पट्टे दिए जा रहे हैं। जिन हितग्राहियों की तीन पीढ़ियां भू भाग में निवासरत थीं और उनके पास जमीन का कोई पट्टा नहीं था अब वह उस जमीन के हकदार हो गए हैं। श्री चौहान ने कहा कि अपनी जमीन होने का अलग ही सुख है। जिन हितग्राहियों के कच्चे मकान हैं उन्हें प्रधानमंत्री आवास के तहत पक्के मकान दिलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का लाभ अब 2018 तक के कब्जाधारी हितग्राही ले सकेंगे। श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में गरीबों की जिंदगी बदलने तथा उनके चेहरों पर खुशी लाने के लिए सरकार द्वारा योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क पर भीख मांगते हुए कोई बच्चा न दिखे। यदि ऐसी स्थिति बने तो उस बच्चे के परवरिश के साथ अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। कार्यक्रम को राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भी ऑनलाइन संबोधित किया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नगरीय भू अधिकार योजना के तहत जिले में रीवा नगर निगम क्षेत्र के 80, नगरीय क्षेत्र गोविंदगढ़ के 15, त्योंथर के 12, हनुमना के 33, मनगवां के 2 तथा चाकघाट के एक हितग्राही सहित कुल 143 पात्र हितग्राहियों को भू अधिकार पत्र एवं स्थाई पट्टे प्रदान किए गए। इस योजना के तहत जिले में 6497 आवेदन प्राप्त हुए थे जिनमें से 1981 हितग्राही पात्र पाए गए तथा चालान से राशि जमा करने वाले 143 हितग्राहियों को भू अधिकार पत्र व स्थाई पट्टे दिए गए। इस अवसर पर एनआईसी एवं कलेक्ट्रेट सभागार में योजना का लाभ प्राप्त करने वाले पात्र हितग्राही उपस्थित रहे।



