केन्द्रीय जेल रीवा से 18 बंदी हुए रिहा
रीवा राजू उर्फ अनिल सिंह. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य सरकार से सजा में माफी पाकर आजीवन कारावास के 18 बंदियों को केन्द्रीय जेल रीवा से रिहा किया गया है। इस संबंध में जेल अधीक्षक सतीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समिति की अनुशंसा पर राज्य शासन से सजा में छूट प्राप्त कर जेल में परिरूद्ध आजीवन कारावास के 17 पुरूष एवं एक महिला बंदी सहित कुल 18 बंदियों को जेल से रिहा किया गया है। बंदियों को श्रीफल, रिहाई प्रमाण पत्र तथा पारिश्रमिक राशि की बैंक पासबुक प्रदान की गई तथा उनके द्वारा जेल में प्राप्त की गई स्वरोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण की विधा का उपयोग कर जीवनयापन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। बंदियों को रिहा किए जाने के पूर्व उनके परिजनों को सूचित किया गया था। बंदियों की रिहाई के समय परिजन जेल में उपस्थित रहे। बंदियों के रिहाई प्रकरण तैयार करने में सहायक जेल अधीक्षक श्रीमती पूजा मिश्रा, वरिष्ठ प्रहरी श्यामसुंदर दुबे एवं प्रहरी श्रीमती आकांक्षा तिवारी की भूमिका सराहनीय रही।


