प्रशासनमहाराष्ट्र

मराठा समाज के सपनों को पंख देने वाली संस्था – सारथी

मराठा समाज के सपनों को पंख देने वाली संस्था – सारथी

 

राज्य के प्रत्येक घटक का सर्वांगीण विकास हो, इसके लिए सामाजिक, आर्थिक सशक्तिकरण तथा शिक्षा की पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने हेतु महाराष्ट्र शासन सतत प्रयासरत है। मराठा, कुणबी, मराठा-कुणबी और कुणबी- मराठा समाज के आर्थिक दृष्टि से पिछड़े वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए महाराष्ट्र शासन ने वर्ष 2019 से “सारथी” संस्था की स्थापना की है। मराठा समाज के सपनों को पंख देने वाली संस्था के रूप में “शाहू विचारों को दें गति, साधें सर्वांगीण प्रगति” इस बोधवाक्य के अंतर्गत छत्रपति शाहू महाराज अनुसंधान, प्रशिक्षण एवं मानव विकास संस्था (सारथी), पुणे शिक्षा, मार्गदर्शन, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता, अनुसंधान तथा सांस्कृतिक धरोहर संवर्धन जैसे क्षेत्रों में 63 विविध उपक्रम संचालित कर रही है।

सारथी संस्था में वर्ष 2021-22 से लेकर 2024-25 तक चार वर्षों में कुल 8 लाख 38 हजार 477 लाभार्थियों ने सहभागिता की है तथा अनेक विद्यार्थी इस संस्था के माध्यम से मार्गदर्शन लेकर विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। इस संस्था के माध्यम से प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन पर अब तक 647 करोड़ रुपये का व्यय किया गया है। सारथी संस्था के विद्यार्थी प्रतिवर्ष विविध स्पर्धा परीक्षाओं में चयनित होकर नये कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।

शैक्षणिक अवसर एवं छात्रवृत्ति योजना

सारथी के माध्यम से विद्यार्थियों को केंद्रीय लोकसेवा आयोग की परीक्षाओं के लिए पूर्व प्रशिक्षण, साक्षात्कार तैयारी एवं मार्गदर्शन हेतु आर्थिक सहायता दी जाती है। सारथी की स्थापना से लेकर वर्ष 2020 से 2024 की अवधि में केंद्रीय लोकसेवा आयोग की विभिन्न परीक्षाओं में 112 विद्यार्थी चयनित होकर शासन में सेवाएं दे रहे हैं। इसी प्रकार महाराष्ट्र राज्य लोकसेवा आयोग में वर्ष 2020 से 2023 की अवधि में 1048 विद्यार्थियों ने सफलता अर्जित की है, जिनमें से वर्ग एक में 229 तथा वर्ग दो में 819 विद्यार्थियों का चयन हुआ है।

कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम

सारथी के माध्यम से “छत्रपति संभाजी महाराज सारथी युवा व्यक्तित्व विकास एवं कंप्यूटर कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम” महाराष्ट्र राज्य के सभी तहसील स्तरों पर संचालित किया जाता है। इस योजना में समयानुसार विविध पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया जाता है। वर्ष 2022 से 2025 की अवधि में 1 लाख 20 हजार लाभार्थियों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया था, जिनमें से 97 हजार 286 लाभार्थियों ने इस योजना का लाभ लिया है। इनमें से 34 हजार 304 लाभार्थियों ने अपना प्रशिक्षण पूर्ण किया है। इनमें 7365 लाभार्थियों को रोजगार प्राप्त हुआ है तथा 9418 लाभार्थियों की साक्षात्कार प्रक्रिया जारी है। वर्तमान में महाविद्यालयों में 17 हजार 251 लाभार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

श्रीमंत मालोजीराजे भोसले सारथी इंडो-जर्मन टूल रूम कौशल प्रशिक्षण उपक्रम

इस उपक्रम के अंतर्गत छत्रपति संभाजीनगर, नागपुर, पुणे तथा कोल्हापुर में आईटीआई, डिप्लोमा एवं अभियांत्रिकी डिग्रीधारी 1012 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें से 657 विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया है, जबकि 314 विद्यार्थियों को रोजगार मिला है।

विदेश शिक्षण हेतु छात्रवृत्ति योजना

महाराजा सयाजीराव गायकवाड सारथी विदेश शिक्षण छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत सन 2023-24 में कुल 50 विद्यार्थियों का चयन किया गया। इन विद्यार्थियों को अब तक 6 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति राशि वितरित की गई है। सन 2024-25 में इस योजना के अंतर्गत 75 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। वर्ष 2025 हेतु 75 सीटों पर प्रवेश के लिए 16 जून 2025 तक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनकी चयन प्रक्रिया जारी है।

देशांतर्गत उच्च शिक्षण छात्रवृत्ति योजना

डॉ. पंजाबराव देशमुख सारथी उच्च शिक्षण छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत देश के नामी 200 विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले 300 विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इस योजना में शिक्षा शुल्क, वसतिगृह शुल्क, पुस्तकालय शुल्क, परीक्षा शुल्क तथा भोजन शुल्क की 100 प्रतिशत प्रतिपूर्ति की जाती है। सन 2022-23 एवं 2023-24 में 441 विद्यार्थियों का चयन कर 5 करोड़ रुपये का लाभ दिया गया है। सन 2024-25 में 270 विद्यार्थियों का चयन किया गया है तथा मार्च 2025 तक 6 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं।

कृषि एवं औद्योगिक क्षेत्र में शुल्क प्रतिपूर्ति योजना

उदयोन्मुख कृषि औद्योगिक क्षेत्र में शैक्षणिक अवसर शुल्क प्रतिपूर्ति योजना अंतर्गत पुणे स्थित वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट के इंडस्ट्रियल फर्मेंटेशन एंड अल्कोहोल टेक्नोलॉजी (IFAT) तथा वाइन ब्रूइंग एंड अल्कोहोल टेक्नोलॉजी (WBAT) पाठ्यक्रमों में प्रवेशित विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत शुल्क प्रतिपूर्ति दी जाती है। IFAT में 80 विद्यार्थियों को 49.40 लाख तथा WBAT में 28 विद्यार्थियों को 34.54 लाख रुपये शुल्क प्रतिपूर्ति की गई है। इनमें से वर्ष 2022-23 के 7 विद्यार्थियों को रोजगार प्राप्त हुआ है।

किसानों के सर्वांगीण विकास हेतु उपक्रम

सारथी शेतकरी ड्रोन पायलट प्रशिक्षण योजना : राहुरी, दापोली एवं परभणी स्थित कृषि विश्वविद्यालयों में किसानों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है। अब तक 330 किसानों ने यह प्रशिक्षण पूर्ण किया है।

शेतकरी मावळा कौशल विकास प्रशिक्षण : अंतर्गत मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण वार्षिक 500 किसानों को दिया जाता है। यह योजना 2025 से आरंभ हुई है।

पशुधन संगोपन एवं मुरघास निर्माण प्रशिक्षण : उरळी कांचन स्थित BIF संस्था के माध्यम से 1000 लाभार्थियों को वर्ष भर में 30 दिवसीय आवासीय तथा 60 दिवसीय प्रक्षेत्रीय प्रशिक्षण दिया जाता है।

कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम

 

महारानी सईबाई रोजगार एवं स्वरोजगार कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम : यह योजना पुणे, वाशिम, कोल्हापुर, गढ़चिरोली, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड, नागपुर, नाशिक, पालघर, बीड एवं रत्नागिरी जिलों में लागू है। इसमें कुल 1419 पाठ्यक्रमों में से 989 पूर्ण किए जा चुके हैं।

सरदार सूर्याजी काकडे वाहन चालक प्रशिक्षण कार्यक्रम : आई.डी.टी.आर. भोसरी, पुणे में हल्के एवं भारी वाहन चलाने का 30 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वर्ष 2025 से आरंभ इस योजना में अब तक 49 विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण पूर्ण किया है।

सरसेनापति हंबीरराव मोहिते मोडी लिपि प्रशिक्षण योजना : अंतर्गत 260 विद्यार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

करियर मार्गदर्शन शिविर : कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इन शिविरों का लाभ 2022 से 2025 तक 19,191 विद्यार्थियों ने प्राप्त किया है।

निबंध प्रतियोगिता

राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज तालुकास्तरीय निबंध प्रतियोगिता योजना अंतर्गत कक्षा 3 से 5 एवं कक्षा 6 से 10 के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। वर्ष 2022-23 से 2024-25 की अवधि में 3,16,592 विद्यार्थियों ने इसमें सहभाग लिया, जिनमें से 9444 विद्यार्थियों ने पुरस्कार प्राप्त किया। इस हेतु 17.93 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई।

राष्ट्रीय अनुसंधान अधिछात्रवृत्ति

छत्रपति शाहू महाराज राष्ट्रीय अनुसंधान अधिछात्रवृत्ति योजना अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हेतु प्रोत्साहित किया जाता है। वर्ष 2019 से 2023 तक 3078 विद्यार्थी पात्र हुए, जिनमें से 394 ने पीएचडी पूर्ण की एवं 103 विद्यार्थियों को रोजगार प्राप्त हुआ।

उद्यमिता विकास

सरसेनापति संताजी घोरपडे सारथी उद्यमिता विकास कार्यक्रम अंतर्गत इनक्यूबेशन उपक्रम प्रारंभ किया गया है। इसमें स्टार्टअप विचारों को मूर्त रूप देने हेतु व्यवसाय मार्गदर्शन एवं वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। शासन मान्य सूची के 13 इनक्यूबेशन केंद्रों के साथ समझौता किया गया है। वर्ष 2025 में 120 लाभार्थियों ने इसका लाभ प्राप्त किया है।

सर्व सुविधायुक्त छत्रपति शिवाजी महाराज संकुल

सारथी संस्था द्वारा पात्र विद्यार्थियों को प्राथमिकता से सुविधाएँ उपलब्ध कराने हेतु राज्यभर में छत्रपति शिवाजी महाराज संकुल स्थापित किए जा रहे हैं। पुणे स्थित मुख्यालय भवन का निर्माण पूर्ण होकर कार्य आरंभ हो चुका है। अन्य विभागीय कार्यालयों का कार्य प्रगति पर है। इन संकुलों में छात्र-छात्राओं हेतु 500-500 क्षमता के छात्रावास, 300 विद्यार्थियों के लिए अध्ययन कक्ष एवं कौशल विकास केंद्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

ऐतिहासिक दस्तावेज संरक्षण योजना

सरनोबत नरवीर तानाजी मालुसरे ऐतिहासिक दस्तावेज संरक्षण योजना अंतर्गत छत्रपति शाहू महाराज कालीन आदेश, हुक्मनामे आदि दस्तावेज अभिलेखागार विभाग से प्राप्त कर डिजिटल रूप में संकलित किए गए हैं। शिवराज्याभिषेक अभियान, किला संवर्धन एवं वृक्षारोपण जैसे उपक्रम भी संचालित हैं। सन 2024 में 75 किलों के परिसर में 1,32,434 सीड बॉल रोपे गए।

सारथी की जानकारी का प्रसार

सारथी योजनाओं की जानकारी देने हेतु वेबसाइट, एंड्रॉइड एप्लीकेशन, फेसबुक पेज, यूट्यूब चैनल, इंस्टाग्राम एवं व्हाट्सऐप चैनल सक्रिय हैं। इसके अलावा युवा शिविरों एवं दिनदर्शिका वितरण द्वारा भी लाभार्थियों तक जानकारी पहुंचाई जा रही है।

मराठा समाज के सर्वांगीण विकास हेतु सारथी संस्था सशक्त भूमिका निभा रही है। हजारों विद्यार्थी एवं कृषक इस संस्था के माध्यम से शिक्षा, मार्गदर्शन एवं कौशल का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। मराठा समाज के पिछड़े घटकों को समान अवसर प्रदान कर सारथी संस्था एक दीपस्तंभ के रूप में कार्य कर रही है।

 

संध्या गरवारे-खंडारे

विभागीय संपर्क अधिकारी

महाराष्ट्र शासन, जानकारी एवं जनसंपर्क महासंचालनालय

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button