
राष्ट्रीय डाक सप्ताह : स्थानीय सेवा, वैश्विक पहुँच के संकल्प के साथ भारतीय डाक विभाग का अभिनव आयोजन
Reported by Vishal Sharmachar Web Desk |Pune Bureau
पुणे में भारतीय डाक विभाग द्वारा 6 से 10 अक्टूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जा रहा है। यह आयोजन 9 अक्टूबर को मनाए जाने वाले विश्व डाक दिवस के अवसर पर किया गया है, जो 1874 में यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन (UPU) की स्थापना के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम है — ‘पोस्ट फॉर पीपल : स्थानीय सेवा, वैश्विक पहुँच’।
डाक विभाग ने बताया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से डाक नेटवर्क को अधिक तेज, विश्वसनीय और पारदर्शी बनाया जा रहा है। विभाग अब देश के हर कोने तक डाक व वित्तीय सेवाओं का विस्तार कर रहा है, जिससे डिजिटल सशक्तिकरण और आर्थिक समावेशन को बल मिल रहा है।
पुणे डाक क्षेत्र में 10 पोस्टल डिवीजन, 1 रेलवे मेल डिवीजन, 1 मेल मोटर डिवीजन और 31 सब डिवीजन शामिल हैं। पुणे, अहमदनगर, सोलापुर और सतारा जिलों में लगभग 7 हजार कर्मचारी 2,600 से अधिक डाकघरों के माध्यम से सेवाएँ दे रहे हैं।
राष्ट्रीय डाक सप्ताह के दौरान 6 अक्टूबर को प्रौद्योगिकी दिवस, 7 को आर्थिक समावेशन दिवस, 8 को डाक टिकट एवं नागरिक सेवा दिवस, 9 को विश्व डाक दिवस और 10 को ग्राहक दिवस मनाया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को वित्तीय जागरूकता, सेवा गुणवत्ता और नवाचार से जोड़ने का संदेश दिया गया।
पुणे क्षेत्र में अंबेगांव बीके, बावधन, रावलगांव और चारहोली में नए डाकघर शुरू किए गए हैं। विभाग ने “वोकल फॉर लोकल” और “एक पेड़ माँ के नाम” जैसी पहलें भी की हैं, जो सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित हैं।
भारतीय डाक विभाग ने कहा कि वह हर घर डाकघर के लक्ष्य के साथ नागरिकों के जीवन को जोड़ने और सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के लिए निरंतर कार्यरत रहेगा।
Vishal Samachar Digital Network – मुख्यालय Pune, Maharashtra
Pune सहित 8 राज्यों में Ground Reporting सक्रिय
Ground से Global तक — हर खबर, हर क्लिक पर

