सीएम हेल्पलाइन में 50 दिनों से लंबित प्रकरणों का 31 अक्टूबर तक निराकरण करें – श्री गुर्जर
रीवा विशाल समाचार. कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। श्री गुर्जर ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन में 50 दिनों से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का 31 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से निराकरण करें। अक्टूबर माह में दर्ज प्रकरणों का निराकरण करके विभाग की ग्रेडिंग में सुधार करें। राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, खाद्य विभाग महिला एवं बाल विकास विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, पीएचई, नगरीय प्रशासन विभाग तथा श्रम विभाग प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। ऊर्जा विभाग में बिजली बिलों में सुधार के लंबित सभी प्रकरण तीन दिवस में निराकृत कराएं। सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण में श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि दो अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक जारी स्वच्छता सेवा माह में सभी अधिकारी अपने कार्यालय की साफ-सफाई कराएं। लंबित शिकायतों और आवेदनों का निराकरण करें। कार्यालय के अभिलेख व्यवस्थित और अद्यतन कराएं। कलेक्ट्रेट की टीम द्वारा कार्यालयों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। सभी अधिकारी और कर्मचारी आईजीओटी ऐप डाउनलोड करके शासन के निर्देशों के अनुरूप कम से कम 15 ऑनलाइन प्रशिक्षण प्राप्त करें। आगामी टीएल बैठक में कार्यालय में प्रशिक्षण प्राप्त अधिकारियों और कर्मचारियों की जानकारी प्रस्तुत करें। जनजातीय कार्य विभाग के आदि कर्मयोगी पोर्टल में भी चयनित गांवों की कार्ययोजना दर्ज कराएं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि आगामी एक नवम्बर को प्रदेश स्थापना का जिला स्तरीय समारोह कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश और जिले की उपलब्धियों की प्रदर्शनी आयोजित करें। जिला शिक्षा अधिकारी स्थापना दिवस पर शासन के निर्देशों के अनुरूप सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराएं। स्थापना दिवस समारोह से युवाओं को जोड़ने के लिए प्रदेश की गौरवशाली विरासत, संस्कृति, पर्यटन, उद्योग तथा अन्य क्षेत्रों में विकास से जुड़ी वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता एवं प्रश्नमंच प्रतियोगिता का आयोजन शिक्षण संस्थानों में कराएं। सभी कार्यालय भवनों में स्थापना दिवस की रात्रि में रोशनी की व्यवस्था करें। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने कहा कि अधिकारी सैनिक कल्याण कोष के लिए झण्डा दिवस की राशि 4 नवम्बर तक जमा करा दें। इस राशि का उपयोग पूर्व सैनिकों के कल्याण में किया जाता है। बैठक में संयुक्त कलेक्टर जीपी अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर आरके सिन्हा, संयुक्त कलेक्टर सुधीर बेक, डिप्टी कलेक्टर सुधाकर सिंह तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
