
एक दर्जन से अधिक मेडिकल दुकानों को किया गया सीज
रीवा विशाल समाचार. कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर शहर में दवाई की दुकानों की जांच एवं निरीक्षण की कार्यवाही सतत रूप से जारी है। शासन के दिशा निर्देशों का पालन न करने वाले एक दर्जन से अधिक मेडिकल दुकानों को निरीक्षण के बाद सीज किया गया। कलेक्टर द्वारा गठित दो विभिन्न निरीक्षण दलों ने सिरमौर चौराहा क्षेत्र एवं अस्पताल चौराहा व संजय गांधी अस्पताल के सामने के क्षेत्र में संचालित मेडिकल दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानों में फार्मासिस्ट की उपस्थिति न होने, एक्सपायरी दवाईयों के पाये जाने तथा मेडिकल दुकान का लायसेंस उपलब्ध न कराने पर एक दर्जन से अधिक दुकानों को सीज कर दिया गया। निरीक्षण दल ने अनुविभागीय अधिकारी हुजूर अनुराग तिवारी, तहसीलदार हुजूर शिवशंकर शुक्ला, नायब तहसीलदार यतीश शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
