समाधान ऑनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं में लंबित आवेदन निराकृत करें – कलेक्टर
रीवा विशाल समाचार. कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को समाधान ऑनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं में लंबित सीएम हेल्पलाइन के सभी प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि नवम्बर माह के लिए समाधान ऑनलाइन के 10 एजेण्डा बिन्दु जारी कर दिए गए हैं। इन एजेण्डा बिन्दुओं में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से राशि के भुगतान, ऊर्जा विभाग द्वारा बिजली के तार टूटने, शॉर्ट सर्किट तथा अन्य समस्याओं के प्रकरण एवं नगरीय निकायों में सड़कों के सुधार से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी। समाधान ऑनलाइन में प्राकृतिक प्रकोप से फसलों तथा पशुओं की हानि के राहत प्रकरणों, खनिज विभाग द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर कार्यवाही से जुड़े प्रकरणों तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा रोगियों के उपचार से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी।
कलेक्टर ने बताया कि समाधान ऑनलाइन में पशुपालन एवं डेयरी विभाग के पशु चिकित्सकों की अनुपस्थिति एवं डेयरी से कार्यालय पहुंचने संबंधी शिकायतों, परिवहन विभाग के मध्यप्रदेश सड़क परिवहन निगम से संबंधित प्रकरणों एवं वन विभाग से जुड़े वन क्षेत्र में अतिक्रमण, वनों की कटाई, वनों में आग और लकड़ी के परिवहन से जुड़े लंबित प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी। समाधान ऑनलाइन में सभी विभागों के 100 दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निराकरण की भी समीक्षा की जाएगी। सभी अधिकारी एजेण्डा बिन्दुओं में लंबित सीएम हेल्पलाइन का निराकरण करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
