‘पुणे ग्रैंड टूर 2026’ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 35 देशों की भागीदारी को विदेश मंत्रालय की मंजूरी
पुणे, विशाल समाचार संवाददाता
पुणे में 19 से 23 जनवरी 2026 के बीच आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय साइक्लिंग प्रतियोगिता ‘पुणे ग्रैंड टूर 2026’ में 35 देशों के प्रतिनिधियों के सहभाग को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने सिद्धांततः ना-हरकत (NOC) प्रदान कर दी है।
प्रशासन के पहल पर साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) के माध्यम से इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता को यूनियन साइक्लिस्ट इंटरनेशनल (UCI) की मान्यता प्राप्त है और इसे उनके आधिकारिक कैलेंडर में शामिल किया गया है।
इस प्रतियोगिता में भारत सहित अल्बानिया, अल्जीरिया, अमेरिकन समोआ, ऑस्ट्रेलिया, बहरीन, बुल्गारिया, बुर्किना फासो, चीन, चेक रिपब्लिक, एस्टोनिया, फ्रांस, जर्मनी, गुआम, हांगकांग, इंडोनेशिया, इटली, जापान, रिपब्लिक ऑफ कोरिया, मलेशिया, मालदीव, मंगोलिया, मोरक्को, नीदरलैंड्स, नाइजीरिया, फिलीपींस, सऊदी अरब, श्रीलंका, स्वीडन, स्विट्ज़रलैंड, थाईलैंड, यूएई, यूके और यूएसए सहित 35 देशों के खिलाड़ियों और प्रतिनिधियों के सहभाग को मंजूरी दी गई है।
विदेश मंत्रालय की ओर से यह अनुमति आयोजकों के निमंत्रण पत्र, वीज़ा नियमों के पालन तथा आवश्यकतानुसार विभिन्न एजेंसियों से अनुमोदन प्राप्त होने की शर्त पर प्रदान की गई है।
विदेश मंत्रालय द्वारा मंजूरी मिल जाने से प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर के साइक्लिस्टों की भागीदारी और बढ़ेगी, जिससे खेल प्रेमियों को विश्व स्तरीय खिलाड़ियों का कौशल देखने का अवसर मिलेगा।


