संविधान दिवस पर रंगेगा “संविधान लोककला शाहिरी जलसा” — पुणे में होगा भव्य आयोजन
पुणे विशाल समाचार: संविधान दिवस के अवसर पर “मेरा संविधान – मेरा गौरव” उपक्रम के अंतर्गत शहर में भव्य संविधान लोककला शाहिरी जलसा का आयोजन किया जा रहा है। संविधान के मूलभूत मूल्यों की जनजागरूकता तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति नागरिकों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसकी जानकारी डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सांस्कृतिक महोत्सव समिति के अध्यक्ष परशुराम वाडेकर ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
इस शाहिरी जलसे में प्रसिद्ध शाहीर शीतल साठे, सचिन माळी, सदाशिव निकम, पृथ्वीराज माळी एवं अन्य सहयोगी कलाकार संविधानिक मूल्य, सामाजिक समानता और लोकतंत्र की शक्ति को लोककला शैली में प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन 26 नवंबर की शाम 6 बजे, छत्रपति शिवाजी महाराज उद्यान, भाऊ पाटिल रोड, बोपोडी में किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ, विधायक सिद्धार्थ शिरोळे, आरपीआई (आठवले) के राज्य अध्यक्ष राजाभाऊ सरवदे, आरपीआई (आठवले) युवा आघाड़ी के पप्पू कागदे, पुणे की पूर्व उपमहापौर सुनीता वाडेकर, अविनाश कदम सहित कई मान्यवर उपस्थित रहेंगे।
जलसे के दौरान “जनसेवेतून विकासाकडे” (जनसेवा से विकास की ओर) कार्य-अहवाल का विमोचन भी किया जाएगा। संविधान मूल्यों का संरक्षण, लोककलाओं का प्रोत्साहन और जनसेवा का संदेश — इन तीनों का संगम इस कार्यक्रम को विशेष बनाता है।
समिति के अध्यक्ष परशुराम वाडेकर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सहभागी होकर संविधान दिवस के महत्व को भव्य रूप में स्थापित करें।


