
अभियोजन अधिकारियों की कार्यशाला संपन्न
रीवा विशाल समाचार. कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में अभियोजन अधिकारियों की संभागीय कार्यशाला का आयोजित की गई। अभियोजन निदेशक बीएल प्रजापति लोक अभियोजन निदेशालय भोपाल के मार्गदर्शन में एवं सुशील कुमार शुक्ला सहायक निदेशक जिला अभियोजन संचालनालय रीवा के नेतृत्व में स्वापक औषधि एवं मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) 1985 के संबंध में कार्यशाला आयोजित की गई। यह अधिनियम कुछ औषधियों के चिकित्सकीय और वैज्ञानिक उपयोग को छोड़कर उनके अवैध व्यापार और दुरूपयोग को रोकने के लिए बनाया गया है। कार्यशाला का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक रीवा शैलेन्द्र सिंह चौहान द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यशाला में संदीप मिश्रा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रीवा, महेंद्र सिंह गौतम सहायक संचालक भोपाल के साथ संभाग के समस्त अभियोजन अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला के वक्ता सूर्य प्रसाद पाण्डेय वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी ने एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत अपराध एवं अनुसंधान तथा इन पदार्थों के विनष्टीकरण के संबंध में विधिक प्रावधानों के विषय पर जानकारी दी। हनुमंत किशोर शर्मा जिला अभियोजन अधिकारी अजाक रेंज रीवा के द्वारा नशे का मनोविज्ञान एवं मानव मस्तिष्क पर प्रभाव के विषय पर महत्वपूर्ण व्याख्यान दिया गया। इससे संभाग के समस्त अभियोजन अधिकारियों के कार्य कुशलता एवं व्यावहारिक दक्षता एवं ज्ञान में वृद्धि हुई जो जिले एवं समस्त संभाग में फैले नशे के व्यापार को रोकने और अपराधियों को सजा दिलाने में सहायक सिद्ध होगी।

