
एचपीवी टीकाकरण अभियान का हुआ शुभारम्भ
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज ,मध्य प्रदेश
मऊगंज .जिला अस्पताल रीवा में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ नगर निगम अध्यक्ष श्री वेंकटेश पाण्डेय द्वारा किशोरी बालिकाओं का टीकाकरण करा कर एवं टीकाकृत बच्चियों को यूविन डिजिटल सर्टिफिकेट दे कर किया गया। यह टीकाकरण अभियान रीवा एवं मऊगंज जिले में आयोजित किया जाएगा।
शुभारंभ अवसर पर श्री पाण्डेय ने कहा कि एचपीवी टीका किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बालिकाओं को निर्धारित आयु में यह टीका अवश्य लगवाएँ और महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की लड़ाई में सहयोग करें। प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ केबी गौतम ने बताया कि अभियान में मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल के साथ जिले के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सिविल अस्पताल में यह टीकाकरण प्रारंभ किया गया है, सभी जगह प्रशिक्षित एवं कुशल स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है जो टीकाकरण का कार्य करेंगे। बाल्य एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. केके तिवारी ने टीकाकरण के तकनीकी बिन्दुओं के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह वैक्सीन अभी भारत से बाहर कई देशों में पिछले कई वर्षों से लगाई जा रही थी निजी क्षेत्र में अपने यहां भी एचपीवी वैक्सीनेशन किया जा रहा था। अभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में मुफ्त में यह वैक्सीन लगाई जाएगी।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ अभिनव त्रिपाठी ने बताया कि यह टीकाकरण पूरे मध्यप्रदेश के साथ साथ रीवा एवं मऊगंज जिले में भी संचालित किया जा रहा है सभी विकासखण्डों में सुरक्षित रूप से वैक्सीन पहुंचाई जा चुकी है। रीवा जिले में अभी 14 सत्र स्थलों पर टीकाकरण प्रारंभ किया गया है। टीकाकरण डिजिटल प्लेटफार्म पर यूविन पोर्टल पर किया जाएगा। हितग्राही स्वयं भी अपने मोबाइल फोन से यूविन पोर्टल पर बच्चों को रजिस्टर्ड कर टीकाकरण का स्लाट आनलाइन पहले से बुक कर टीकाकरण का लाभ ले सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन श्री विजय पाण्डेय द्वारा किया गया।

