
इटावा में महिला रिक्रूट आरक्षियों का शानदार प्रदर्शन, 100% परिणाम घोषित
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा,उत्तर प्रदेश
इटावा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला रिक्रूट आरक्षियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम परीक्षा में शत-प्रतिशत सफलता हासिल की। इस उपलब्धि पर रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सभी रिक्रूट्स का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने आंतरिक एवं बाह्य परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला आरक्षियों की विशेष सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और बेहतर प्रशिक्षण का परिणाम है।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज की सेवा और सुरक्षा का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने सभी रिक्रूट आरक्षियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आम जनता में विश्वास कायम करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अभयनाथ त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी लाइन्स/जसवंतनगर सुश्री आयुषी सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात श्री रामगोपाल शर्मा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



