
मऊगंज में आज दो केन्द्रों में होगी राज्य सेवा की प्रारंभिक परीक्षा
प्रेक्षक सहित अधिकारियों ने लिया परीक्षा की तैयारियों का जायजा
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा मउगंज जिले में 26 अप्रैल को दो केन्द्रों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो सत्रों में होगी। परीक्षा का पहला सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरा सत्र दोपहर 2.15 बजे से शाम 4.15 बजे तक आयोजित होगा। पीएमश्री शासकीय केदारनाथ महाविद्यालय एवं शासकीय कन्या उमावि को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं, जिसके तहत जिले के लिए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राजकुमार पाठक को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। प्रेक्षक ने परीक्षा केन्द्रों निरीक्षण कर परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया और परीक्षा के लिए तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय और एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी भी उनके साथ रहे।
उल्लेखनीय है कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के लिए एक नवीन त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया लागू की गई है, जिसके तहत परीक्षार्थियों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्रवेश पत्र की स्कैनिंग और एचएचएमडी के माध्यम से गहन तलाशी ली जाएगी। इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया गया है कि सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 90 मिनट पूर्व केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा ताकि समय पर जांच प्रक्रिया पूर्ण की जा सके। परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर ही अनुमति एवं वर्जित वस्तुओं की सूची चस्पा की जाएगी, जिसका कड़ाई से पालन करना प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए अनिवार्य है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए दोनों सत्रों में फ्रिस्किंग (जांच) की प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जिसमें पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष वीक्षकों द्वारा तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला वीक्षकों द्वारा पृथक केबिन में की जाएगी। इसके अतिरिक्त, ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को यह विकल्प दिया गया है कि वे अपनी सुविधा अनुसार महिला अथवा पुरुष कर्मचारी से अपनी जांच करवा सकते हैं। परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को दी जाएगी जो इस त्रि-स्तरीय जांच प्रक्रिया से गुजरेंगे। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए यह भी स्पष्ट किया गया है कि वे अपने साथ केवल बॉलपेन, एक पारदर्शी पानी की बोतल, ई-प्रवेश पत्र और अपना मूल पहचान पत्र ही ले जा सकेंगे।



