
कमिश्नर ने किया गेहूं खरीदी केंद्रों का निरीक्षण
व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर खैरा समिति प्रबंधक को नोटिस जारी करने के निर्देश
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . रीवा संभाग के सभी जिलों में 15 अप्रैल से समर्थन मूल्य पर गेंहू का उपार्जन शुरू हो गया है। सभी खरीदी केन्द्रों में उपार्जन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई गई हैं। खरीदी केन्द्रों में व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे संभागायुक्त बीएस जामोद ने कृषि उपज मंडी करहिया अंतर्गत इटहा तथा खैरा गेंहू खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से चर्चा भी की। कमिश्नर ने खरीदी केंद्र में छाया-पानी आदि व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में किसान भाईयों के लिए पर्याप्त छाया, शीतल पेयजल और बैठने के लिए कुर्सियों उपलब्ध रहे, इसके लिए व्यवस्थित स्थल का चयन करें जिससे ये सारी सुविधाएं किसानों को आसानी से उपलब्ध हो सकें। कमिश्नर ने खरीदी केंद्रों में अपने समक्ष गेहूं की बोरियों का तौल करवाया तथा निर्देश दिए कि तौल करते समय निर्धारित मानक भर्ती का विशेष ध्यान रखें। इसमें त्रुटि होने पर कार्यवाही होगी। कमिश्नर ने नोडल अधिकारियों को हिदायत दी कि वे सभी खरीदी केंद्रों पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए व्यवस्थाओं पर निगरानी रखें। निरीक्षण के दौरान खैरा खरीदी केंद्र में व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर प्रभारी समिति प्रबंधक दयाशंकर शुक्ल को कमिश्नर द्वारा नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
खरीदी केंद्रों में गेहूं की गुणवत्ता जांचने के लिए कमिश्नर ने अपने समक्ष मॉइश्चर मीटर से गेंहू की जॉंच कराई। उन्होंने किसानों को समझाइश देते हुए कहा कि अपनी उपज को केंद्र पर लाने से पहले उसे अच्छी तरह साफ कर लें और नमी न हो इस बात का विशेष ध्यान रखें। मानकों के अनुरूप गेंहू में गुणवत्ता होने पर खरीदी प्रक्रिया में तेजी आएगी। कमिश्नर ने तौल कांटों के भौतिक सत्यापन की जानकारी प्राप्त करते हुए खरीदी केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में तौल कांटे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बारदानों में स्पष्ट रूप से सील लगाने व पर्याप्त मात्रा में बारदानों की उपलब्धता तथा डबल स्टिच पैकिंग कराने के निर्देश दिए जिससे परिवहन के समय किसी प्रकार की समस्या न हो। कमिश्नर ने कहा कि उपार्जन केन्द्रों से उपार्जित गेंहू का अनवरत परिवहन किया जाय तथा उठाव में देरी न हो। पर्याप्त खरीदी होते ही उठाव की व्यवस्था हो। पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता रहे। उन्होंने उपार्जित गेंहू के व्यवस्थित भण्डारण के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी सहित उपार्जन से संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



