प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

शहर के 12 परीक्षा केन्द्रों में 3 मई को होगी नीट परीक्षा

शहर के 12 परीक्षा केन्द्रों में 3 मई को होगी नीट परीक्षा

परीक्षा केन्द्रों के समीप परिजनों के लिए प्रतीक्षा स्थल निर्धारित

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:रीवा मध्य प्रदेश 

रीवा . आगामी 3 मई को शहर के 12 परीक्षा केन्द्रों में एनटीए नीट यूजी 2026 परीक्षा का आयोजन किया जायेगा। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने परीक्षा केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थायें व सुविधाएं दुरूस्त रखने के निर्देश दिये हैं। नीट परीक्षा 3 मई को अपरान्ह 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केन्द्र में रिपोर्टिंग का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक निर्धारित किया गया है। यदि उम्मीदवार पारंपरिक पोशाक पहन रहे हैं तो उन्हें परीक्षा के दिन दोपहर 12.30 बजे तक आवंटित परीक्षा केन्द्र पर पहुंचना होगा।

परीक्षा में सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों को अपने साथ एनटीए वेबसाइट से डाउनलोड किये गये प्रवेश पत्र की प्रिंट कॉपी, पोस्टकार्ड साइज की एक फोटो, पासपोर्ट साइज के 2 फोटो, किसी एक अधिकृत फोटो आईडी की मूल तथा वैध प्रति (जैसे राशन कार्ड), व्यक्तिगत पारदर्शी पानी की बोतल, लड़कों के लिए हल्के कपड़े, जिनमें लंबे बाजू न हों, कोई फैंसी पॉकेट, जिपर या बैज न हो तथा लड़कियों के लिए हल्के कपड़े, जिनमें कढ़ाई या लंबे बाजू न हों; धातु की वस्तुओं से बचें तथा केवल लो-हील चप्पल या सैंडल पहनने की अनुमति होगी जूते पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी।

परीक्षा केन्द्र में कोई भी वस्तु जैसे मुद्रित/लिखित पाठ्य सामग्री, कागज के टुकड़े, ज्यामिति/पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, पेन, स्केल, राइटिंग पैड, पेन ड्राइव, इरेज़र, लॉग टेबल, इलेक्ट्रॉनिक पेन/स्कैनर आदि तथा कोई भी संचार उपकरण जैसे मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, इयरफ़ोन, माइक्रोफ़ोन, पेजर, हेल्थ बैंड आदि प्रतिबंधित रहेगा। इसी प्रकार अन्य वस्तुएं जैसे बटुआ, चश्मा, हैंडबैग, बेल्ट, टोपी, कोई भी घड़ी, ब्रोसलेट, कैमरा, आभूषण/ धातु की वस्तुएं, कोई भी खुला या पैक किया हुआ खाद्य पदार्थ, पानी की बोतल तथा कोई भी अन्य वस्तु जिसका उपयोग अनुचित उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है, जैसे कि माइक्रोचिप, कैमरा, ब्लूटूथ डिवाइस आदि को छिपाकर रखना प्रतिबंधित किया गया है।

शहर में निर्धारित 12 परीक्षा केन्द्रों के समीप परीक्षार्थियों के परिजनों के लिए प्रतीक्षा स्थल निर्धारित किये गये हैं। परीक्षा केन्द्र पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक एक के समीप जयंती कुंज में, परीक्षा केन्द्र टीआरएस कॉलेज के समीप व्यंकट क्लब, परीक्षा केन्द्र पॉलिटेक्निक कालेज के समीप माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय, परीक्षा केन्द्र एसके स्कूल के समीप पचमठा, परीक्षा केन्द्र माडल हायर सेकेण्डरी स्कूल के समीप बोर्ड आफिस कैंपस, परीक्षा केन्द्र पीके सांदीपनि स्कूल के समीप राजहंस स्कूल एवं ज्ञानस्थली स्कूल, परीक्षा केन्द्र मार्तण्ड क्रमांक एक के समीप मार्तण्ड क्रमांक तीन, परीक्षा केन्द्र शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल क्रमांक एक के समीप हायर सेकेण्डरी स्कूल क्रमांक 2, परीक्षा केन्द्र मार्तण्ड क्रमांक 2 के समीप बीएड कालेज, परीक्षा केन्द्र विधि महाविद्यालय के समीप टीआरएस कामर्स बिÏल्डग, परीक्षा केन्द्र जीडीसी कालेज के समीप उद्यानिकी एवं कोर्ट पार्किंग तथा परीक्षा केन्द्र पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 2 के समीप बीएड कालेज को परिजनों के लिए प्रतीक्षा स्थल निर्धारित किये गये हैं। कलेक्टर के निर्देश पर अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एडिसनल एसपी आरती सिंह एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button