
कलेक्टर ने जनसुनवाई में 113 आवेदकों की समस्यायें सुनीं
जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर का नवाचार
खण्ड स्तरीय अधिकारी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े जिला स्तरीय जनसुनवाई में
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने जिला स्तरीय जनसुनवाई में 113 आवेदकों की समस्यायें सुनीं तथा वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से जुड़े खण्ड स्तरीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों में कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
जनसुनवाई में कलेक्टर ने नवाचार करते हुए खण्ड स्तरीय अधिकारियों को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ा तथा निर्देश दिये कि विभागीय अधिकारी व अन्य अधिकारी जनसुनवाई के प्रकरणों में संवेदनशीलता के साथ समुचित कार्यवाही करें। अपने स्तर पर जनसुनवाई करें ताकि आवेदकों को अनावश्यक न आना पड़े साथ ही आवेदकों को स्पष्ट बतायें कि प्रकरण किस स्तर पर निराकृत हो सकता है। उन्होंने आगाह किया कि कोई भी आवेदक यदि कलेक्ट्रेट में दो बार के अतिरिक्त तीसरी बार आवेदन लेकर आयेगा तो संबंधित अधिकारी के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही होगी। कलेक्टर ने कहा कि समय सीमा में प्रकरणों के निराकृत न होने पर संबंधित से अर्थदण्ड भी वसूला जायेगा।
कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित जनसुनवाई में खरीदी केन्द्र रूपौली के किसानों ने स्लाट बुक होने के उपरांत भी गेंहू की खरीदी न होने का आवेदन दिया जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समक्ष में बुलाकर तत्काल खरीदी करने के निर्देश दिये। खाम्हा निवासी गणेश प्रसाद साकेत के जमीन से कब्जा हटाने के आवेदन पर तहसीलदार गुढ़ व मनोज साकेत मध्येपुर निवासी के शासकीय भूमि में खनित हैण्डपंप को जबरन कब्जा किये जाने के आवेदन पर तहसीलदार को एक सप्ताह में कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। इसी प्रकार मार्तण्ड सिंह के जमीन में अतिक्रमण कर सड़क निर्माण के आवेदन पर तहसीलदार सेमरिया को कार्यवाही करने के निर्देश कलेक्टर ने व्ही.सी. के माध्यम से दिये।
जनसुनवाई में मझियारी के जगदीश सिंह के अनाधिकृत कब्जा के आवेदन पर तहसीलदार त्योंथर को, बृजेन्द्र शर्मा डेल्ही के सीमांकन के आवेदन पर तहसीलदार मनगवां को, टिकुरी निवासी रामलाल के सीमांकन के आवेदन पर तहसीलदार हुजूर को एक सप्ताह में समुचित कार्यवाही के निर्देश कलेक्टर ने दिये। विद्याधर प्रसाद निवासी कौआढ़ान के खाद्य रजिस्ट्रेशन में अनियमितता के आवेदन को खाद्य विभाग को, संकल्प श्रीवास्तव निवासी घोघर के जांच की नकल के आवेदन को नजूल शाखा को तथा हटवा निवासी रामखेलावन कुशवाहा के बंटवारा के आवेदन पर नायब तहसीलदार रायपुर कर्चुलियान को समुचित कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया। इसी क्रम में उमरी सिरमौर निवासी नागेश्वर केवट ने कलेक्टर द्वारा तालाब में मत्स्यपालन के लिये जारी बीज के विरूद्ध सचिव द्वारा तालाब में कार्य न करने देने के आवेदन पर कलेक्टर ने सीईओ जनपद को एक सप्ताह में कार्यवाही कर सूचित करने के निर्देश दिये।
कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में प्राचार्य हाई स्कूल बांस के बिना अनुमति आने पर एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिये गये। उन्होंने नायब तहसीलदार गोविंदगढ़, नायब तहसीलदार बैकुंठपुर तथा मत्स्य विभाग के अधिकारी के जनसुनवाई में अनुपस्थित रहने पर एक दिन का वेतन काटे जाने के निर्देश दिये। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने भी आवेदकों की समस्यायें सुनीं। जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर राजेश कुमार सिन्हा, सुधीर कुमार बेक, सुरभि जैन सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जबकि खण्ड स्तर पर एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा सीईओ जनपद व्हीसी के माध्यम से जुड़े रहे।



