
नईगढ़ी सिंचाई परियोजना का कार्य शीघ्र पूरा कराएं – विधायक देवतालाब
आगामी फसल से पहले बहुती नहर का कार्य पूरा कराएं – विधायक मऊगंज
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्ट्रेट सभागार मऊगंज में आयोजित बैठक में मऊगंज जिले की विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में नईगढ़ी माइक्रो सिंचाई परियोजना, बहुती माइक्रो सिंचाई परियोजना तथा हनुमना-सीतापुर उद्वहन सिंचाई परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में विधायक देवतालाब श्री गिरीश गौतम ने कहा कि खेती के विकास के लिए सिंचाई सुविधा आवश्यक है। नईगढ़ी माइक्रो सिंचाई परियोजना का शेष बचा कार्य शीघ्र पूरा कराएं, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिल सके। सिंचाई की सुविधा मिलते ही खेती में तेजी से विकास होगा। बैठक में विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल ने कहा कि तीनों निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं के पूरा होने पर मऊगंज जिले के लगभग सभी किसानों के खेतों में सिंचाई की सुविधा हो जाएगी। बहुती माइक्रो सिंचाई परियोजना में नहर निर्माण का शेष काम तेजी से पूरा कराएं जिससे किसानों को आगामी फसल के लिए पानी मिल सके। इसका मुख्य कार्य पूरा हो गया है। गोविंदगढ़ में टनल का निर्माण भी पूरा हो गया है। इस नहर के शुरू हो जाने से जिले के बहुत बड़े क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। हनुमना-सीतापुर परियोजना से हनुमना क्षेत्र को विशेष लाभ होगा। इसके डीपीआर का कार्य तेजी से पूरा कराएं।
बैठक में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि मऊगंज जिले में सिंचाई सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अधूरी सिंचाई परियोजनाओं का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। इन कार्यों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। बैठक में कार्यपालन यंत्री जल संसाधन बीपी मिश्रा ने बताया कि बहुती और नईगढ़ी सिंचाई परियोजनाओं का कार्य नवम्बर माह तक पूरा हो जाएगा। बहुती परियोजना से लगभग 65 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इसके निर्माण की सभी बाधाएं दूर कर दी गई हैं और कार्य तेजी से जारी है। हनुमना-सीतापुर परियोजना का डीपीआर तैयार कर लिया गया है। इसे पर्यावरणीय और वन विभाग की मंजूरी के लिए भेजा गया है। स्वीकृति प्राप्त होते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मुख्य बांध स्थल का निर्धारण कर लिया गया है। इस परियोजना से मऊगंज के साथ-साथ रीवा, सीधी और सिंगरौली जिले के किसान भी लाभान्वित होंगे। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ग्रामीण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी तथा जल संसाधन विभाग के अधिकारी उपस्थित
रहे।


