
पुणे में 67वां महाराष्ट्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
1 मई से शुरू हुई जनगणना 2027 प्रक्रिया, नागरिक करें सक्रिय सहभाग — राज्यमंत्री माधुरी मिसाळ
विशेष सम्मान चिन्ह से पुलिस कर्मियों का हुआ गौरव
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे,: महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर पुणे के पुलिस परेड ग्राउंड में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। नगर विकास एवं परिवहन राज्य मंत्री माधुरी मिसाळ ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और उपस्थित नागरिकों को महाराष्ट्र दिवस तथा मजदूर दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर उन्होंने घोषणा की कि जनगणना 2027 की प्रक्रिया का पहला चरण 1 मई 2026 से पूरे राज्य में शुरू हो गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें। उन्होंने बताया कि 1 से 15 मई तक ‘स्व-गणना’ की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जबकि 16 मई से 14 जून के बीच प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।
समारोह में विभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार, पुणे शहर पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील, जिला पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल, अपर जिलाधिकारी सतीश राऊत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अपने संबोधन में राज्यमंत्री मिसाळ ने महाराष्ट्र के समृद्ध सामाजिक और ऐतिहासिक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती, संत गाडगे महाराज की 150वीं जयंती और महाड चवदार तालाब सत्याग्रह के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में ‘सामाजिक समता एवं समरसता वर्ष’ मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र केवल एक भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि विचारों की भूमि है, जिसे शौर्य, त्याग, समानता और प्रगति के मूल्यों पर और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
राज्यमंत्री ने समाज के विकास में किसान, मजदूर, शिक्षक और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए सामाजिक समता, बंधुत्व और न्याय के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही, महिलाओं के सम्मान, बच्चों की सुरक्षा और वंचित वर्गों के विकास पर भी जोर दिया। पर्यावरण संरक्षण के लिए जल, वृक्ष और मिट्टी के संरक्षण की अपील भी की।
इस अवसर पर पुणे की महापौर मंजुषा नागपुरे, विधायक भीमराव तापकीर, पुणे महानगरपालिका के आयुक्त नवल किशोर राम, पीएमआरडीए आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी, पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका के आयुक्त विजय सूर्यवंशी सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
पुलिस कर्मियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवा के लिए वर्ष 2025 के पुलिस महानिदेशक सम्मान चिन्ह से कई पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त बसवराज तेली सहित अनेक अधिकारियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह के अंत में स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध महाराष्ट्र के निर्माण के लिए सभी से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया गया।



