प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित करें – प्रेक्षक ए.के. सिंह

मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित करें – प्रेक्षक ए.के. सिंह

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक ने की पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश 

मऊगंज . राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकायों तथा पंचायतराज संस्थाओं के आगामी निर्वाचन के लिए जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य का संचालन किया जा रहा है। पुनरीक्षण कार्य की मॉनीटरिंग एवं पर्यवेक्षण के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक एवं सेवानिवृत्त आईएएस ए.के. सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार जैन सहित जिले के समस्त रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में प्रेक्षक श्री सिंह ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को निर्वाचन प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जोड़े जाएं तथा अपात्र, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियमानुसार पृथक किए जाएं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। विशेष रूप से नवमतदाताओं, महिलाओं एवं वंचित वर्गों के नाम सूची में शामिल कराने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलायें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी सभी कार्यों में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार जैन ने जिले में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी नगरीय निकायों एवं पंचायत क्षेत्रों में बूथ स्तर अधिकारियों के माध्यम से घर-घर संपर्क कर पात्र मतदाताओं का सत्यापन एवं नवीन नाम जोड़ने की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। बैठक में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीम मऊगंज एपी द्विवेदी, एसडीम हनुमना राजेश मेहता सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button