
धर्मेंद्र यादव की पूर्व पत्नी मोनिका यादव ने भाजपा नेता गौरव चौधरी से की शादी, राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज
रिपोर्ट:विशाल समाचार
स्थान:मेरठ/फर्रुखाबाद यूपी
मेरठ/फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों भाजपा नेता एवं मेरठ जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी तथा फर्रुखाबाद जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव के विवाह की चर्चा जोरों पर है। दोनों ने हिमाचल प्रदेश में एक निजी समारोह में विवाह किया, जिसमें परिवार के करीबी सदस्य और चुनिंदा मित्र शामिल हुए।
मोनिका यादव पूर्व में समाजवादी पार्टी से जुड़ी रही हैं और उनकी शादी सपा नेता तथा सांसद धर्मेंद्र यादव से हुई थी। बाद में दोनों अलग हो गए। वर्ष 2021 में मोनिका यादव भाजपा में शामिल हुईं और फर्रुखाबाद जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीतकर अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाई।
वहीं गौरव चौधरी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा के उभरते नेताओं में गिने जाते हैं। विदेश में कारोबार करने के बाद उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया और भाजपा के टिकट पर मेरठ जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
शादी की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि इसे दोनों नेताओं का निजी निर्णय माना जा रहा है, लेकिन अलग-अलग राजनीतिक पृष्ठभूमि और प्रभावशाली पहचान के कारण यह विवाह सुर्खियों में बना हुआ है।
सोशल मीडिया पर भी दोनों को शुभकामनाएं देने का सिलसिला जारी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह विवाह निजी जीवन के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चा का विषय बना रहेगा।



