
सेवा दिवस पर देवतालाब मंदिर में चलाया गया विशाल सेवा अभियान
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर एवं अध्यक्ष रेडक्रास सोसायटी मऊगंज संजय कुमार जैन के निर्देशन में ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल शिव मंदिर, देवतालाब परिसर में विशाल सेवा कार्य एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत दिलाने के लिए नि:शुल्क शीतल शरबत एवं पेयजल का वितरण किया गया तथा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श व प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने इस सेवा कार्य की सफलता पर रेडक्रॉस सोसायटी के सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले आम नागरिकों और श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। रेडक्रॉस सोसायटी का यह प्रयास सराहनीय है और भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे। सेवा अभियान में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी मऊगंज के समस्त पदाधिकारी, वरिष्ठ सदस्यगण और वालंटियर्स प्रातःकाल से ही पूर्ण निष्ठा के साथ उपस्थित रहे और व्यवस्था संचालन में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
