
लंबित राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें – कलेक्टर
कलेक्टर ने कृषकों से फार्मर आईडी बनवाने की अपील की
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज. जिले के कृषकों को सहज और पारदर्शी तरीके से शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु कलेक्टर के निर्देश पर अभियान चलाकर फार्मर आईडी’ बनाने का कार्य जारी है। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जिले के शेष बचे सभी किसानों से अपील की है कि वे भी शासकीय योजनाओं का निर्बाध रूप से लाभ लेने के लिए जल्द से जल्द अपने क्षेत्र के पटवारी से संपर्क कर अपनी यूनिक फार्मर आईडी अवश्य बनवाएं।
कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आयोजित राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिये अधिकारियों को निर्देश दिये कि आमजन से जुड़े राजस्व मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख दुरुस्ती, अविवादित एवं विवादित प्रकरणों सहित विभिन्न राजस्व मामलों की तहसीलवार समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर ने लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से कहा कि राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की नियमित सुनवाई कर शीघ्र निराकरण करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा प्रत्येक आवेदन पर त्वरित कार्रवाई हो।
कलेक्टर ने भूमि अभिलेखों के संधारण, रिकॉर्ड अपडेट, राजस्व वसूली और सीमांकन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर कार्य करने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान नक्शा तरमीम, फार्मर रजिस्ट्री एवं नामांतरण प्रकरणों में धीमी प्रगति पाये जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 15 दिनों में सुधार नहीं होने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। जिस जमीन का आवासीय भूमि के रूप में उपयोग किया जा रहा है उसका शीघ्रता से डायवर्सन करें। उन्होंने रास्ता चिन्हांकन, ई-केवाईसी एवं आरसीएमएस से संबंधित लंबित प्रकरणों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और अभियान संबंधी कार्यों को गंभीरता से लिया जाए। बैठक में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीम मऊगंज एपी द्विवेदी, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, डिप्टी कलेक्टर पवन गौरैया सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


