
जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर ने 112 आवेदकों की समस्यायें सुनी
भूतपूर्व सैनिकों की समस्यायें भी सुनीं गई
छिउरिहा ग्राम के निवासियों ने सार्वजनिक हैण्डपंप को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग की
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान :मऊगंज मध्य प्रदेश
मऊगंज जिला स्तर पर आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने 112 आवेदकों की समस्यायें सुनी तथा विभागीय अधिकारियों को संबंधित आवेदनों पर समाधानकारक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने इस दौरान भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं को भी सुना।
कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित जनसुनवाई में छिउरिहा ग्राम के निवासियों ने सार्वजनिक हैण्डपंप को केशव प्रसाद पाण्डेय द्वारा व्यक्तिगत उपयोग करने की शिकायत करते हुए इसे सार्वजनिक उपयोग के लिए सुलभ कराने की मांग की। कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री पीएचई को निर्देश दिये कि तत्काल हैण्डपंप को अतिक्रमण मुक्त करायें। जनसुनवाई में मोहम्मद मुस्ताक द्वारा आवास दिलाये जाने की मांग की कलेक्टर ने तहसीलदार को परीक्षण कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। दुवगवां कुर्मियान के उमेश गुप्ता द्वारा ईकेवाइसी की आईडी को हटाने का आवेदन दिया गया। कलेक्टर ने तहसीलदार को तत्काल प्रकरण में निराकरण करने हेतु निर्देशित किया। रामरूप भारती छुहिया के सीमांकन के आवेदन पर नायब तहसीलदार सीतापुर को, कुंदनपुरवा मस्जिद के पीछे सड़क निर्माण के आवेदन पर सीएमओ नगर पंचायत मऊगंज को तथा श्यामकरण सिंह के सीमांकन के आवेदन पर नायब तहसीलदार देवतालाब को कार्यवाही किये जाने हेतु कलेक्टर ने निर्देश दिये।
इसी प्रकार बिहारीलाल गुप्ता के मकान निर्माण पर रोक लगाये जाने के आवेदन पर नायब तहसीलदार सीतापुर तथा जगन्नाथ पाल हाटा के सीमांकन के आवेदन पर नायब तहसीलदार को सीमांकन कराकर प्रस्तुत करने के निर्देश कलेक्टर ने दिये। रामनरेश चतुर्वेदी निवासी ग्राम लोढ़ बढैया द्वारा ग्राम पंचायत में शासन की राशि के दुरूपयोग की शिकायत पर सीईओ जनपद मऊगंज को जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने तथा अकौरी ग्राम के संतोष कुमार चौरसिया द्वारा शासकीय भूमि में अन्य के नाम दर्ज होने के आवेदन पर कलेक्टर द्वारा प्रकरण नस्ती सहित प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय ने भी आवेदकों की समस्यायें सुनीं।


