जिले में 12 से 18 जून तक लगेंगे जनकल्याण शिविर
जिले में 5 जून से 21 जून तक चलेंगे विशेष अभियान
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून विश्व योग दिवस तक विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इस संबंध में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष आयोजन करके एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधे रोपित किए जाएंगे। पौधेरोपण के दौरान मुख्य रूप से पीपल, आम, बरगद, नीम आदि के पौधों का रोपण होगा। सभी ग्राम पंचायतों में पौधारोपण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ-साथ जल स्त्रोतों की सफाई, कार्यालय भवन तथा परिसरों की साफ-सफाई एवं प्लास्टिक कचरे के निपटान के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे। जिले में 12 जून से 18 जून तक विकासखण्ड मुख्यालयों तथा नगरीय निकाय के मुख्यालयों में जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक शिविर तीन दिवसीय होगा। इन शिविरों में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के छूटे हुए पात्र हितग्राहियों का विभागवार पंजीयन किया जाएगा। शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, लखपति दीदी योजना, व्हीबी जीरामजी योजना के छूटे हुए हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा। इन शिविरों में एसडीएम तथा खण्ड स्तरीय अधिकारी सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम में लंबित प्रकरणों का निराकरण करेंगे। इन शिविरों के आयोजन के लिए विकासखण्ड स्तर पर जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगरीय निकायों में मुख्य नगरपालिका अधिकारी नोडल अधिकारी होंगे। सभी एसडीएम शिविरों के आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा शिविरों की मानीटरिंग करें।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में 19 एवं 20 जून को प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यशालाओं में कृषि, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े अधिकारी, कृषि विज्ञान केन्द्र के कृषि वैज्ञानिक तथा कृषि महाविद्यालय के वैज्ञानिक किसानों को प्राकृतिक खेती के संबंध में जानकारी देंगे। इसके आयोजन के लिए कृषि विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। इसी तरह जिले भर में 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाएगा। विश्व योग दिवस पर सभी शासकीय और अशासकीय शिक्षण संस्थाओं तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सुबह 7 बजे से सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए आयुष विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, तकनीकी शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग सहयोगी विभाग के रूप में भूमिका निभाएंगे। सभी अधिकारी शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप इन शिविरों के आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।


