
विश्व पर्यावरण दिवस पर हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया। माय भारत युवा खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में विकासखंड औरैया की ग्राम पंचायत भरसेन में विश्व पर्यावरण दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि विभाग के ओमवीर कुशवाहा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को “एक वृक्ष मां के नाम” अवश्य लगाना चाहिए तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्षों की अवैध कटान से वातावरण लगातार प्रदूषित हो रहा है। वृक्षों की रक्षा अपने पुत्रों के समान करनी चाहिए, ताकि भविष्य में आने वाली पर्यावरणीय समस्याओं से बचा जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वृक्षों की कटान इसी प्रकार जारी रही तो भविष्य में लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर चलना पड़ सकता है।
कार्यक्रम में माय भारत युवा खेल मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त निदेशक अनवर वारसी ने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ उनकी देखरेख करना भी अत्यंत आवश्यक है। प्रतिवर्ष हजारों पौधे लगाए जाते हैं, लेकिन देखभाल के अभाव में वे सूख जाते हैं। उन्होंने सभी से पौधों की नियमित देखरेख कर उन्हें सुरक्षित रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व प्रधान संजय कुशवाहा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की। इस अवसर पर जितेंद्र सिंह गुर्जर, सुरजन दुहरे, बालकरण सिंह, सत्येंद्र सिंह सिंगर, सत्यवान, विनय कुमार, शिव प्रकाश, रामबर, अहिरन सिंह, सचिन तथा अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन योगाचार्य अजय राजपूत ने किया।



