25 हजार का इनामी हत्यारोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान;दिबियापुर औरैया
दिबियापुर। थाना दिबियापुर, स्वाट एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त टिल्लू ठाकुर उर्फ ऋषभ भदौरिया को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत बुधवार को संयुक्त पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार घिरने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान टिल्लू ठाकुर उर्फ ऋषभ भदौरिया (22) निवासी दिबियापुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
उल्लेखनीय है कि जनवरी 2026 में दिबियापुर क्षेत्र में एक युवक का शव खेत में मिलने के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी टिल्लू ठाकुर फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



