
लोक कल्याण शिविर में पीएम स्वनिधि योजना के प्राप्त हुए 295 आवेदन
नगर निगम रीवा के चारों जोन में आयोजित किये गये शिविर
13 जून को भी चारों जोन में लगाये जायेंगे शिविर
रीवा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देश एवं जिला कलेक्टर के आदेश के अनुक्रम में नगर पालिक निगम रीवा द्वारा लोक कल्याण मेला के तहत प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत 12 जून को नगर निगम के चारों जोनों में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में बड़ी संख्या में पथ विक्रेताओं ने पहुंचकर योजना का लाभ उठाया तथा विभिन्न ऋण श्रेणियों एवं क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। निगम आयुक्त अक्षत जैन के निर्देशानुसार 12 जून से 22 जून तक आयोजित किए जा रहे विशेष अभियान के प्रथम दिवस नगर निगम के जोन क्रमांक एक के वार्ड क्रमांक पांच स्थित ढेकहा तिराहा, जोन क्रमांक दो के वार्ड क्रमांक सात सिरमौर चौक क्षेत्र (फल एवं सब्जी हॉकर्स कॉर्नर), जोन क्रमांक तीन के वार्ड क्रमांक 15 रतहरा नहर के पास तथा जोन क्रमांक चार के वार्ड क्रमांक 39 महामृत्युंजय कॉम्प्लेक्स (एसएएफ चौराहा) में शिविर लगाए गए।
शिविरों में निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा क्षेत्र भ्रमण कर पथ विक्रेताओं को प्रेरित करते हुए पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन तथा पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत आवेदन प्राप्त किये। साथ ही मौके पर आने वाली तकनीकी समस्याओं का निराकरण भी किया गया। शिविरों के दौरान कुल 295 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 15 हजार रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक के ऋण तथा क्रेडिट कार्ड संबंधी आवेदन शामिल हैं। इन चारों स्थानों पर 13 जून को भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। पात्र पथ विक्रेता अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर पथ विक्रेता पंजीयन एवं पीएम स्वनिधि योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। नगर निगम रीवा ने सभी पात्र पथ विक्रेताओं से अपील की है कि वे शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय के विस्तार एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ें। यह विशेष अभियान 22 जून तक निरंतर संचालित र
हेगा।


