
जनसुनवाई में 95 आवेदनों पर सुनवाई
कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज :. कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में 95 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण हेतु प्रेषित करते हुए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व अभिलेखों में सुधार, अतिक्रमण हटाने, न्यायालयीन आदेशों के पालन, सार्वजनिक पेयजल व्यवस्था, हैंडपंप एवं बोरवेल संबंधी समस्याओं, पाइपलाइन निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त पुलिया के पुनर्निर्माण, विद्युत एवं आधारभूत सुविधाओं, शासकीय संपत्तियों के संरक्षण, ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों तथा विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं मांगें प्रमुख रूप से प्राप्त हुईं। कुछ आवेदनों में लंबे समय से लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और विभागीय कार्रवाई की भी मांग की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ परीक्षण कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाता है। जनसुनवाई के दौरान एसडीम मऊगंज एपी द्विवेदी, एसडीम हनुमना राजेश मेहता संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।


