
स्कूल चलें हम अभियान का द्वितीय चरण, विद्यालयों में उत्साहपूर्वक मनाया गया प्रवेशोत्सव
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज: शासन के निर्देशों के अनुसार स्कूल चलें हम अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत जिले भर के शासकीय विद्यालयों में प्रवेशोत्सव एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम सीएम राइज विद्यालय मऊगंज में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर पवन गुरैया ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही व्यक्तित्व विकास एवं आत्मनिर्भरता का सबसे प्रभावी माध्यम है और प्रत्येक बच्चे को इसका पूरा लाभ उठाना चाहिए। यदि विद्यार्थी पूरी ईमानदारी, लगन और निष्ठा के साथ अध्ययन करेंगे तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन का पालन करने, नियमित रूप से विद्यालय आने तथा पढ़ाई को बोझ न मानकर सीखने का माध्यम समझने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प देकर स्वागत किया गया। विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया तथा विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी गई। शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने का आग्रह किया। अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों तथा स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से प्रवेशोत्सव, एवं प्रेरक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यालय से बाहर या ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


