
औरैया पुलिस ने अंतरजनपदीय चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, मुठभेड़ के बाद छह गिरफ्तार
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया। औरैया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई आठ चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा कर अंतरजनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना बिधूना, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो बदमाश घायल हुए, जबकि कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, बेला-बिधूना रोड से ग्राम डहारियापुर जाने वाले संपर्क मार्ग पर सूचना के आधार पर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मोमीन और विकास उर्फ गौरव उर्फ मामा ठाकुर के पैर में गोली लगी, जबकि चार अन्य आरोपियों को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 7.15 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, दो अवैध तमंचे, कारतूस, दो चारपहिया वाहन (अर्टिगा व ईको), एक बुलेट मोटरसाइकिल तथा चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए। बरामद आभूषणों में चेन, मंगलसूत्र, अंगूठियां, पायल, कर्दनी सहित अन्य कीमती सामान शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बिधूना, बेला, कुदरकोट और फफूंद थाना क्षेत्रों में अप्रैल से जून 2026 के बीच हुई आठ चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी के जेवरात और नकदी का आपस में बंटवारा करने के लिए एकत्र हुए थे।
गिरफ्तार आरोपियों में कन्नौज, मैनपुरी और औरैया के निवासी शामिल हैं। इनमें से कुछ के विरुद्ध पहले से चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना भेजा गया है।



